इसी महीने 14,15 नवंबर को अभिनेता रणवीर सिंह और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की शादी हुई है। यह शादी इटली के लेक कोमो में हुई। इस शादी में दोनों परिवारों की तरफ से सिर्फ नजदीकि रिश्तेदारों और दोस्तों को बुलाया गया था। इस शादी के बाद अब अमिताभ बच्चन की एक तस्वीर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में अमिताभ बच्चन एक खाट पर लेटे हुए नजर आ रहे हैं। वायरल तस्वीर के नीचे लिखा गया है कि ‘दीपिका-रणवीर की शादी में ना बुलाने पर नाराज फूफाजी।’ इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर देखने के बाद लोग इसपर तरह-तरह के फनी कॉमेन्ट भी कर रहे हैं। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि अमिताभ बच्चन की यह तस्वीर कहां की है? आपको याद दिला दें कि इस शादी से पहले दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और रणबीर कपूर को लेकर भी कई तरह के फनी जोक्स और MEMES इंटरनेट पर वायरल हुए थे।
इधर अभिनत्री दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने शादी के बाद बुधवार को बेंगलुरु में रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया है। 28 नवंबर को मुंबई में भी यह जोड़ा अपने जानने वालों को रिसेप्शन पार्टी देगा। इस रिसेप्शन पार्टी में फिल्म और बिजनेस जगत के कई दिग्गजों के जुटने की संभावना है।
आपको बता दें कि दीपिका और रणवीर की शादी सिंधी और कोंकणी रिवाजों के साथ हुई है। उसी समय यह खबर भी आई थी कि दोनों स्टार्स की शादी के बाद दो ग्रैंड रिसेप्शन रखे जाएंगे। इस चर्चित शादी के बाद जो पहली तस्वीर सामने आई थी उसमें दीपिका सुर्ख लाल रंग के जोड़े में सजी धजी नजर आ रही थीं। रणवीर भी लाल रंग का साफा पहने और लाल रंग के शेरवानी में दीपिका से गुफ्तगू करते नजर आ रहे थे। इसके बाद इस शादी का एक वीडियो भी सामने आया था। वीडियो में दोनों शादी की रस्मों को निभाते हुए नजर आए थे।