किचन हमारे घर की सबसे अहम जगह है जहां महिलाओं का सबसे ज्यादा समय गुजरता है। किचन ही वो जगह है जहां तरह-तरह के पकवान पकाते हैं और अपने परिवार को हेल्दी डाइट खिलाकर उनकी हेल्थ को दुरुस्त करते हैं। अगर परिवार की हेल्थ का ध्यान रखना है तो किचन की साफ-सफाई का खास ध्यान रखना होगा। महिलाएं किचन में 4-5 बार खाना बनाती है और हर बार किचन काउंटर को साफ करती हैं। दिन में एक बार किचन की अलमारियों को भी साफ कर देती हैं लेकिन उनका ध्यान डिशवॉशिंग स्क्रब की तरफ बिल्कुल भी नहीं जाता। वो दिन में हर बार इस स्क्रब से बर्तनों को साफ करती है, काउंटर को वॉश करती हैं लेकिन जिस चीज का इस्तेमाल करके वो किचन की गंदगी साफ करती हैं उस चीज को पूरी तरह नजर अंदाज कर देती हैं। 

आप जानते है कि किचन में मौजूद डिशवॉशिंग स्क्रब और ब्रश आपकी टॉयलेट सीट से भी ज्यादा गंदा है जो आपकी बॉडी को बीमारियों का घर बना रहा है। किचन में मौजूद स्क्रब और स्पंज में लाखों गंदे बैक्टीरिया जमा रहते हैं जो आपके पेट में पहुंच कर आपकी आंतों की सेहत को बिगाड़ देते हैं और आपकी स्किन को भी कई तरह से नुकसान पहुंचाते हैं।

पोषण विशेषज्ञ अनन्या ने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया है कि कई रिसर्च में पाया गया है कि आपके किचन में मौजूद स्क्रब और स्पंज में लाखों बैक्टीरिया रहते हैं जो टॉयलेट सीट से भी ज्यादा गंदे हैं। रसोई के स्क्रब और स्पंज में सबसे अधिक मात्रा में E.Coli और अन्य फीकल बैक्टीरिया पाए जाते हैं। घर में महिलाएं इस स्पंज और ब्रश को कम से कम 6 महीनों तक इस्तेमाल करती हैं। 

आप जानती हैं कि अगर लम्बे समय तक इस स्पंज को बदला नहीं जाएं तो ये आपके पेट में पहुंच जाते हैं और आपकी आंतों को अपना ठिकाना बना लेते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि आखिर किचन के स्पंज में बैक्टीरिया आते कहां से हैं और इन बैक्टीरिया से बचाव कैसे करें।

 किचन का स्पंज कैसे बन जाता है बैक्टीरिया का ठिकाना

एक्सपर्ट ने बताया कि किचन में मौजूद स्पंज और ब्रश का इस्तेमाल बार-बार होता है और वो कभी सूखता नहीं है। लम्बे समय तक इस्तेमाल होने वाले इस स्पंज में साबुन,बर्तनों की गंदगी और डस्ट जमा होने लगती है। इस गंदे स्पंज को ज्यादातर किचन में 6 महीने या एक साल से भी ज्यादा समय तक इस्तेमाल किया जाता है। लम्बे समय तक इसका इस्तेमाल करने से इसमें लाखों गंदे बैक्टीरिया ग्रो करने लगते हैं जो स्पंज को अपना ठिकाना बना लेते हैं। ये बैक्टीरिया हल्के से लेकर गंभीर आंतों और स्किन संक्रमण का कारण बन सकते हैं।

स्पंज कैसे फैलाता है पेट में बीमारियां

केयर हॉस्पिटल्स बंजारा हिल्स की इंटरनल मेडिसिन में कंसल्टेंट  डॉ. जी स्नेहा ने बताया कि हर दो या तीन सप्ताह में किचन के स्क्रब को बदलना चाहिए। अगर आप एक महीने के अंदर किचन का स्क्रब नहीं बदलते हैं तो इन बैक्टीरिया के फैलने के कारण आपको गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल संक्रमण हो सकता है। एक्सपर्ट ने बताया कि स्पंज का लगातार गीला रहने से ये गंदे बैक्टीरिया बर्तनों पर जमा होने लगते हैं और खाने के साथ आपके पेट में पहुंच जाते हैं और आपके पेट को बीमारियों का घर बनाते हैं।

बैक्टीरिया को बढ़ने से रोकने के लिए क्या करें

आप पेट और स्किन की बीमारियों से बचना चाहते हैं तो अपने किचन में मौजूद स्पंज,स्क्रब को एक से दो हफ्तों में बदल दें। आप किचन का ब्रश एक महीने में बदल सकते हैं क्योंकि वो ज्यादा इस्तेमाल नहीं होता और वो सूख भी जाता है।

स्पंज को साफ करें

स्पंज और स्क्रब का इस्तेमाल करने के बाद उसे साफ करके रखें। इस स्पंज को आप गर्म पानी में साबुन या सर्फ मिलाकर वॉश करें। इसे धोने के बाद धूप में जरूर सुखाएं। आप इसे वॉश करने के लिए एक बाउल में पानी लें और उसमें डिटर्जेंट पाउडर डालकर उसे 5 मिनट के लिए भिगो दें। आप इसे सुखाने के लिए एक से दो मिनट तक माइक्रोवेव में भी रख सकते हैं इस तरह स्पंज के सारे बैक्टीरिया मर जाएंगे।

इस्तेमाल से पहले रखें ये ध्यान

स्पंज को इस्तेमाल करने से पहले आप ध्यान रखें कि वो सूखा हो। अगर गीला स्पंज इस्तेमाल करेंगे तो आप लाखों बैक्टीरिया अपने बर्तनों में लपेट देंगे जो आपके सीधे पेट में जाएंगे।