साइकिलिंग हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होता है। अगर आप प्रतिदिन 30 मिनट तक साइकिल चलाते हैं तो आप लंबे समय तक स्वस्थ रहेंगे। इसके अलावा साइकिल चलाने से इंसान शारीरिक रूप से अधिक सक्रिय भी रहता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, पैदल चलने और साइकिल चलाने से हाई बीपी, ब्लड शुगर, हृदय रोग जैसी समस्याएं दूर रहती हैं। इतना ही नहीं अगर आप नियमित रूप से साइकिल चलाते हैं तो बॉडी के इम्यून सेल्स ज्यादा एक्टिव रहते हैं। आइए जानते हैं साइकिल चलाने के और कौन-कौन से लाभ हैं-

इम्युनिटी मजबूत करता है: रोजाना साइकिल चलाने से इम्युनिटी मजबूत होती है, जिससे कई बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। इतना ही नहीं इम्युनिटी मजबूत होने से शरीर वायरस और बैक्टीरिया से भी खुद को बचाने में सक्षम रहता है।

वजन कम करता है: साइकिल चलाने से वजन भी आसानी से कम किया जा सकता है। अगर आप नियमित रूप से साइकिल चलाते हैं तो शरीर में मौजूद एक्सट्रा फैट भी आसानी से बर्न होता है और बेली फैट भी कम होता है। रोजाना साइ‍किल चलाकर आप फिट और एक्ट‍िव बॉडी पा सकते हैं।

हृदय रोग के लिए: नियमित रूप से साइकिल चलाने से शरीर में ब्लड फ्लो बेहतर रहता है, साथ ही ब्लड सर्कुलेशन भी ठीक होता है, जिससे हृदय रोग होने का खतरा कम होता है। साथ ही स्ट्रोक, हार्ट बीट तेज हो जाना जैसी परेशानी भी दूर हो जाती है। इतना ही नहीं दिल से जुड़ी अन्य बीमारियों के होने का खतरा भी कम हो जाता है।

तनाव के लिए: नियमित रूप से साइकिल चलाने वालों में डिप्रेशन और तनाव की शिकायत होने की आशंका बहुत कम होती है। साथ ही उनका मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।

बेहतर नींद: रोजाना साइकिल चलाने से नींद अच्छी आती है। साइकिल चलाने से शरीर की मांसपेशियों में खिंचाव आता है जिसके कारण थकावट महसूस होती है और रात को नींद अच्छी आती है। पर्याप्त नींद बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी होता है।