प्रोटीन की जरूरत बॉडी को हर उम्र में होती है। प्रोटीन बॉडी को एनर्जी देता है, कमजोरी और थकान को भी दूर करता है। बच्चों से लेकर बढ़ती उम्र तक प्रोटीन की जरूरत बदलती रहती है। प्रोटीन बालों और नाखूनों को मजबूत बनाता है। प्रोटीन हमारी बॉडी में कई तरह के रसायन, हॉर्मोन और एंजाइम बनाने में मदद करता है। जब हम प्रोटीन का सेवन करते हैं तो शरीर इसका सेवन मांसपेशियों की मरम्मत करने के लिए, इम्युनिटी को स्ट्रांग करने के लिए करता है। उम्र के मुताबिक बॉडी की जरूरत के हिसाब से प्रोटीन का सेवन करने से बॉडी हेल्दी रहती है।
जैसे-जैसे हमारी उम्र बढ़ती है वैसे-वैसे बॉडी की जरूरत भी बढ़ती जाती है। केयर हॉस्पिटल, बंजारा हिल्स, हैदराबाद में क्लिनिकल डाइटीशियन जी सुषमा ने बताया कि मिडिल उम्र में मांसपेशियां कमजोर होने लगती है और कई तरह की परेशानियां भी होने लगती हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि बढ़ती उम्र में किन 5 कारणों की वजह से प्रोटीन का सेवन बढ़ा देना चाहिए।
मांसपेशियों का निर्माण करने में है मददगार
मांसपेशियों को हेल्दी रखने में प्रोटीन की भूमिका अहम है। यह मसल्स प्रोटीन संश्लेषण के लिए अमीनो एसिड देता है, जिसकी मदद से मांसपेशियों की मरम्मत होती है, खासकर एक्सरसाइज के बाद प्रोटीन का सेवन मांसपेशियों को खासतौर पर फायदा पहुंचाता है। पर्याप्त प्रोटीन का सेवन मांसपेशियों के ब्रेकडाउन को रोकने में मदद करता है और मांसपेशियों के रखरखाव और ग्रोथ को बढ़ावा देता है।
बढ़ती उम्र में प्रोटीन का सेवन ज्यादा करना चाहिए ताकि हड्डियां मजबूत रहें। प्रोटीन का सेवन शरीर के वजन का प्रति किलोग्राम 0.8 ग्राम है, लेकिन कुछ विशेषज्ञ मध्यम आयु वर्ग और वृद्ध वयस्कों के लिए अधिक सेवन करने का सुझाव देते हैं। प्रोटीन मांसपेशियों को संरक्षित करने में मदद करता है, जो ताकत, संतुलन और शारीरिक कार्य को बनाए रखने के लिए जरूरी है।
मेटाबॉलिज्म हेल्थ रहती है दुरुस्त
मांसपेशियां मेटाबॉलिक रूप से सक्रिय होती हैं, जो वजन को कंट्रोल करने में मेटाबॉलिज्म को हेल्दी बनाने में मदद करती हैं। हाई प्रोटीन डाइट आपके मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करती है, इसका मतलब है कि आपकी बॉडी दिन भर में अधिक कैलोरी बर्न करती है। जब आप सो रहे होते हैं तब भी ये अपना काम करती है।
बॉडी में रिकवरी और मरम्मत
जैसे-जैसे हमारी उम्र बढ़ती है बॉडी में रिकवरी धीमी होती जाती है। मांसपेशियों सहित ऊतकों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए प्रोटीन आवश्यक है। उम्र बढ़ने पर अगर आप प्रोटीन का सेवन करते हैं तो आपकी बॉडी में बीमारियों की रिकवरी फास्ट होती है और मांसपेशियों की मरम्मत भी होती है।
हड्डियों की हेल्थ
प्रोटीन हड्डियों के स्वास्थ्य में योगदान देता है और ऑस्टियोपोरोसिस को रोकने में मदद कर सकता है। उम्र बढ़ने के साथ ही प्रोटीन का सेवन बढ़ाना जरूरी है।
इम्युनिटी होती है स्ट्रांग
इम्युनिटी को स्ट्रांग बनाने के लिए प्रोटीन का सेवन करना जरूरी है। बढ़ती उम्र में इम्युनिटी कमजोर होने लगती है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगता है।