अच्छी सेहत के लिए फलों और सब्जियों का सेवन करना जरूरी है। कुछ लोग पेट को भरने के लिए सिर्फ फलों पर ही निर्भर करते हैं। इसमें कोई दो राय नहीं कि फलों का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद है। फलों में प्रचुर मात्रा में विटामिन, खनिज, फाइबर, और एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं जो बॉडी को पोषण देते हैं और बीमारियों से भी बचाव करते हैं। फलों का सेवन करने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और बॉडी हेल्दी रहती है। फाइबर से भरपूर फलों का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है और कब्ज से बचाव होता है।

दिल की सेहत को  दुरुस्त करने में फलों का सेवन बेहद उपयोगी है। बढ़ते वजन से परेशान लोग फलों का सेवन करें तो आसानी से वजन को कंट्रोल कर सकते हैं। फलों की उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए कुछ लोग फलों का सेवन ज्यादा करने पर जोर देते हैं। लेकिन आप जानते हैं कि फलों का ज्यादा सेवन सेहत को बिगाड़ भी सकता है।

पोषण विशेषज्ञ कविता देवगन कहती हैं कि लगातार और ज्यादा मात्रा में फलों का सेवन करने से फैटी लिवर का खतरा बढ़ सकता है। फलों में मौजूद फ्रुक्टोज जब ज्यादा मात्रा में लम्बे समय तक लिवर तक पहुंचता है तो लीवर वसा बनाने के लिए अतिरिक्त फ्रुक्टोज का उपयोग कर सकता है जिससे नॉन-अल्कोहल फैटी लीवर डिजीज हो सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि रोजाना फ्रूट्स का ज्यादा सेवन करने से कैसे लिवर की सेहत बिगड़ सकती है और बॉडी पर इसके कौन-कौन से साइड इफेक्ट हो सकते हैं।

रोजाना फ्रूट खाने से लिवर की बिगड़ सकती है सेहत

ग्लेनीगल्स हॉस्पिटल्स में वरिष्ठ सलाहकार हेपेटोलॉजिस्ट और क्लिनिकल लीड लिवर और ट्रांसप्लांट आईसीयू,के डॉक्टर उदय सांगलोडकर ने बताया कि ज्यादा फलों का सेवन लिवर की सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है, क्योंकि फलों में फ्रुक्टोज होता है। कुछ लोगा वजन कम करने के लिए रोजाना फ्रूट का सेवन करते हैं जो लिवर को फैटी बना सकता है।  फल वसा के निर्माण का कारण बनते हैं जिससे नॉन अल्कोहलिक फैटी लीवर रोग होता है।

बिगड़ सकता है पाचन

रोजाना फलों का ज्यादा सेवन करने से आपका पाचन बिगड़ सकता है। ज्यादा फलों का सेवन करने से पेट फूलने की समस्या हो सकता है और कब्ज की शिकायत भी हो सकती है। फलों में फाइबर और शुगर की मात्रा ज्यादा होती है जिसका सेवन करने से आपका पाचन बिगड़ सकता है।

बढ़ सकती है डेंटल प्रॉब्लम

डॉ. सांगलोडकर ने बताया फलों में मौजूद नेचुरल एसिड और नेचुरल शुगर दांतों की सड़न जैसी डेंटल प्रॉब्लम का कारण बन सकते हैं। इन फ्रूट का ज्यादा सेवन करने से ब्लड शुगर का स्तर बढ़ सकता है। हाइपरग्लेसेमिया या पैंक्रियाज की समस्याओं वाले लोगों के लिए फ्रूट का ज्यादा सेवन ठीक नहीं है।

कद्दू के बीज का सेवन अगर रोजाना एक महीने तक किया जाए तो सेहत पर कैसा असर होता है, इसकी पूरी जानकारी लेना चाहते हैं तो आप लिंक पर क्लिक करें।