तेल हमारी डाइट का अहम हिस्सा हैं जिसका सेवन हम खाना पकाने में करते हैं। तेल खाने का स्वाद बढ़ाता है और खाने में रौनक भी लाता है। लोग अपनी पसंद और अपनी जेब को ध्यान में रखकर अलग-अलग तरह के तेल का सेवन करते हैं। डॉक्टर की माने तो तेल दिल के रोगों से लेकर मोटापा तक के लिए जिम्मेदार हैं,इसलिए डॉक्टर ऑयल फ्री फूड्स का सेवन करने की सलाह देते हैं। तेल में अगर किसी तेल को हेल्दी माना जाता है तो वो है जैतून का तेल। इस तेल को लिक्विड गोल्ड कहा जाता है। ये तेल भूमध्यसागरीय व्यंजनों का प्रमुख हिस्सा है जिसे सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है।

यशोदा हॉस्पिटल्स के जनरल फिजिशियन डॉ. श्री करण उदेश तनुगुला ने बताया कि जैतून का तेल पॉलीफेनोल्स और मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड से भरपूर होता है। एंटीऑक्सिडेंट गुणों से भरपूर ये तेल कई क्रॉनिक बीमारियों का जोखिम कम करते हैं। ये तेल खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कंट्रोल करता है और दिल के रोगों से बचाव करता है। लेकिन सवाल ये उठता है कि क्या इस तेल का सेवन घी और कुकिंग ऑयल की जगह कर सकते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि जैतून के तेल का सेवन कैसे सेहत के लिए फायदेमंद है और क्या इस तेल को कॉमन कुकिंग ऑयल से रिप्लेस कर सकते हैं।

अगर रोज़ जैतून के तेल का सेवन किया जाए तो सेहत पर कैसा असर करता है?

यशोदा हॉस्पिटल्स के सलाहकार चिकित्सक और मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. सोमनाथ गुप्ता ने बताया कि जैतून का तेल सेहत के लिए फायदेमंद हैं। इसका सेवन करने से दिल के रोगों का खतरा कम होता है। जैतून के तेल के सेवन से अल्जाइमर जैसी न्यूरोडीजेनेरेटिव बीमारियों की घटनाओं में कमी आ सकती है। एक्सपर्ट के मुताबिक जैतून का तेल खाने का स्वाद बढ़ाता है।

विटामिन ई और एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर ये तेल पोषक तत्वों से भरपूर होता हैं जो बॉडी में पोषक तत्वों की कमी को पूरा करता है। एक्सपर्ट के मुताबिक जैतून के तेल का उपयोग खाना पकाने का एक स्वस्थ विकल्प हो सकता है,जो दिल की सेहत को फायदा पहुंचा सकता है। जैतून के तेल के एंटीऑक्सीडेंट गुण ऑक्सीडेटिव तनाव से निपटने में मदद कर सकते हैं।

एंटी इंफ्लामेटरी गुणों से भरपूर जैतून के तेल से पाचन संबंधी परेशानियों को दूर करने में मदद मिलती है। यह कैलोरी से भरपूर होता है इसका सेवन करने से पेट लम्बे समय तक भरा रहता है। कॉमन कुकिंग ऑयल सैचुरेटिड फैट से भरपूर होता है। एक्सपर्ट के मुताबिक सैचुरेटिड फैट का सेवन करने के बजाए अगर इस तेल का सेवन किया जाए तो आसानी से वजन को कंट्रोल किया जा सकता है।

क्या जैतून के तेल का सेवन रोजाना करने से सेहत को कुछ नुकसान हो सकता है?

डॉ. तनुगुला के अनुसार,बैलेंस डाइट के साथ रोजाना 3-4 बड़े चम्मच जैतून के तेल का सेवन मददगार साबित हो सकता है। जरूरत से ज्यादा तेल का सेवन नहीं करना चाहिए। कुछ व्यक्तियों को जैतून के तेल से एलर्जी हो सकती है इसलिए इस तेल के प्रतिकूल प्रभाव पर निगरानी करना जरूरी है।