हम जो कुछ भी खाते-पीते हैं, उसका सीधा असर हमारी हेल्थ पर पड़ता है। पाचन तंत्र खाने को ठीक ढंग से पचाकर शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्वों में तोड़ता है और इससे हमारी बॉडी को एनर्जी मिलती है। पाचन तंत्र में एक महत्वपूर्ण अंग है कोलन, जिसे बड़ी आंत भी कहा जाता है। किसी भी व्यक्ति के हेल्दी रहने के लिए जरूरी है कि उसकी बड़ी आंत भी स्वस्थ रहे। हालांकि, आज के समय में खराब लाइफस्टाइल और अनहेल्दी खानपान के चलते अंत में गंदगी जमा होना शुरू हो जाती है, जो कई बीमारियों को न्योता दे सकती है। वहीं, चिंता की बात यह है कि समय के साथ ये बीमारियां अधिक घातक हो जाती हैं। ऐसे में वक्त रहते आंत से जुड़ी समस्याओं की पहचान करना जरूरी हो जाता है। इसी कड़ी में इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे लक्षणों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आंतों में परेशानी या कीड़े पड़ने की ओर इशारा करते हैं।
बिल्कुल नजरअंदाज ना करें ये लक्षण
गैस छोड़ते हुए दर्द होना
अगर आप कुछ समय से इस तरह की परेशानी का सामना कर रहे हैं, तो अधिक देरी किए बिना डॉक्टर से सलाह लें। गैस पास करते समय दर्द का अहसास होना आंत में कीड़े पड़ने की ओर इशारा करता है, जो समय के साथ आपको अधिक बीमार बना सकते हैं।
शरीर में खाना ना लगना
अगर आप खाना खाने के बाद भी कमजोर महसूस करते हैं या आपका कुछ भी खाया-पिया शरीर को नहीं लगता है, तो ये भी आंतों में पनप रहे कीड़ों की ओर संकेत देता है।
कम भूख लगना
अधिक समय तक बिना खाए रहने के बाद भी अगर आपको भूख का अहसास नहीं हो रहा है या पसंदीदा चीजें सामने होने पर भी आपका खाने का मन ना हो, तो समझ लीजिए की कहीं न कहीं शरीर में कोई गड़बड़ है। कई बार खाना खाने के बाद व्यक्ति को उबकाई सी आने लगती है, ऐसा होना भी आंतों में कीड़े होने का एक लक्षण है।
अचानक उल्टी-मलती आना
अगर आपको कुछ भी खाने के बाद अचानक उल्टी, मलती, छाती पर भारीपन और अजीब सा महसूस हो रहा है, तो आपको तुरंत डॉक्टर को दिखाने की जरूरत है। ये खराब आंतों की ओर इशारा करता है।
पेट फूलना या पेट में सूजन होना
आंतों में कीड़े होने पर कई बार पीड़ित व्यक्ति का पेट अचानक फूलने लगता है या व्यक्ति को पेट के आसपास सूजन का अहसास होता है। इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
कब्ज
इन सब के अलावा अगर आपको लंबे समय से कब्ज की परेशानी से जूझना पड़ रहा है और दवा लेने के हफ्ते भर बाद भी ऐसी ही स्थिति बरकरार है, तो ये भी आंतों में कीड़ों के चलते हो सकता है।
कितना खतरनाक है आंतों में कीड़े होना?
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आंत के जिस हिस्से में इंटेस्टाइनल वॉर्म यानी कीड़े पनपते हैं, वहां से ब्लीडिंग होती रहती है। इसके चलते बॉडी में खून की कमी होने लगती है और पीड़ित शख्स की त्वचा पीली पड़ जाती है। इतना ही नहीं, समस्या अधिक बढ़ने पर ये छोटे-छोटे कीड़े शरीर का सारा खून तक चूस सकते हैं। ऐसे में जरूरी है कि ऊपर दिए गए कोई भी लक्षण दिखाई देने पर आप समय रहते इसका सही इलाज करा लें।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।