टमाटर कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें एंटी ऑक्सीडेंट्स, कैल्शियम, फॉस्फोरस और कई विटामिन्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसी कड़ी में अधिकतर लोग सलाद के रूप में इसका सेवन करना पसंद करते हैं। वहीं, सब्जियों या किसी अन्य डिश में भी टमाटर एक अलग जायका लाने का काम करता है। इस सब्जी में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण शरीर को कई गंभीर बीमारियों से बचाने में असरदार साबित हो सकते हैं। ये आंखों के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है, साथ ही इसे खाने से हार्ट से जुड़ी बीमारियों में भी फायदा मिलता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही टमाटर कई और अन्य बीमारियों की वजह भी बन सकता है? इतना ही नहीं, कुछ बीमारियों से पीड़ित मरीजों को तो खासतौर पर टमाटर ना खाने की सलाह दी जाती है। इस लेख में हम आपको ऐसी ही कुछ बीमारियों के बारे में बताने जा रहे हैं।

एसिड रिफ्लक्स

टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अगर आप एसिड रिफ्लक्स की समस्या से जूझ रहे हैं, तो आपको टमाटर का सेवन तुरंत बंद कर देना चाहिए। टमाटर एसिड रिफ्लक्स को और बढ़ा सकता है। इसमें अम्लीयता अधिक होती है, जिसके चलते एसिडिटी की समस्या बढ़ सकती है। साथ ही इसके चलते पीड़ित को सीने में जलन, पेट में दर्द और गैस की परेशानी से भी जूझना पड़ सकता है।

आंतों से जुड़ी समस्या

अगर आप आंत या पाचन से जुड़ी किसी तरह की समस्या का सामना कर रहे हैं, तो भी आपको टमाटर के सेवन से बचना चाहिए। टमाटर का ज्यादा सेवन इरिटेबल बॉवल सिंड्रोम को ट्रिगर कर सकता है। इससे आंतों की समस्याएं अधिक बढ़ सकती हैं।

एलर्जी

एलर्जी की समस्या में भी टमाटर का सेवन नहीं करना चाहिए। इसमें मौजूद यौगिक हिस्टामाइन इस परेशानी को बढ़ा सकते हैं। ऐसे में पीड़ित को खांसी, छींक, एक्जिमा, गले में जलन, चेहरे, मुंह और जीभ में सूजन जैसी परेशानियां घेर सकती हैं।

डायरिया

हेल्थ एक्सपर्ट्स डायरिया में भी व्यक्ति को टमाटर ना खाने की सलाह देते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि टमाटर में साल्मोनेला नाम का एक बैक्टीरिया पाया जाता है, जो डायरिया की समस्या को बढ़ाने का काम करता है। इससे व्यक्ति की तबीयत अधिक बिगड़ सकती है।

जोड़ों में दर्द

इन सब के अलावा जोड़ों के दर्द की समस्या में भी टमाटर का सेवन बेहद नुकसानदायक साबित हो सकता है। इसकी वजह से जोड़ों में सूजन अधिक बढ़ सकती है। इतना ही नहीं, असहनीय दर्द के चलते पीड़ित शख्स को चलने-फिरने में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अत्यधिक मामलों में टमाटर के अधिक सेवन से गठिया यानी अर्थराइटिस की परेशानी देखी जाती है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।