High Blood Pressure Diet: आज की इस भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहत को कई लोग फॉर ग्रैंटेड लेते हैं। यही कारण है कि जो बीमारियां पहले बढ़ती उम्र की पहचान थीं, वो अब किशोरों और व्यस्कों को भी अपनी चपेट में ले रही हैं। हाई ब्लड प्रेशर भी एक स्वास्थ्य समस्या है जो अब काफी आम बन चुकी है। हालांकि, अगर इस बीमारी को गंभीरता से न लिया जाए तो ये हार्ट अटैक, स्ट्रोक और किडनी फेलियर का कारण भी बन सकती है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार भारत की करीब 40 प्रतिशत शहरी आबादी हाइपरटेंशन की समस्या से ग्रस्त है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो टोमैटो सॉस का सेवन इन मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। आइए जानते हैं-

टमाटर से फायदा, सॉस से नुकसान: हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक टमाटर का रस जो बगैर नमक का हो, वो बीपी के मरीजों के लिए फायदेमंद होता है। इसमें पोटैशियम मौजूद होता है जो कि बीपी को कंट्रोल करने में सहायक माना जाता है। इसके अलावा, विटामिन-सी, कैल्शियम, सल्फर और फॉस्फोरस जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं। वहीं, टमाटर से बने पैकेट बंद उत्पाद जैसे कि टोमैटो सॉस और टोमैटो सूप बीपी के मरीजों के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। इन प्रोडक्ट्स में सोडियम की मात्रा बहुत ज्यादा होती है जो मरीजों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

फ्रेंच फ्राइज से करें परहेज़: ब्लड प्रेशर बढ़ने के प्रमुख कारणों में से एक है शरीर में सोडियम की अधिकता। फ्रेंच फ्राइज, चिप्स और जंक फूड जैसी चीजों में सोडियम की मात्रा ज्यादा होती है। इसके साथ ही, फ्रेंच फ्राइज में फैट भी अधिक मात्रा में पाया जाता है जो शरीर में कोलेस्ट्रॉल के लेवल को बढ़ा सकता है।

कॉफी: ब्लड प्रेशर हाई होने में कॉफी भी अहम भूमिका निभाता है, इसलिए मरीजों को कम कॉफी पीने की सलाह दी जाती है। ज्यादा कॉफी के सेवन से शरीर में स्ट्रेस लेवल बढ़ता है जो बीपी को बढ़ाने का काम करता है। ज्यादा तनाव लेने से लोगों का रक्तचाप बढ़ जाता है। बार-बार कॉफी पीने से कार्टिसोल हार्मोन का स्तर अनियमित हो जाता है जो तनाव पैदा करने के लिए जिम्मेदार होता है।