Natural Tips For Strong Bones: हड्डियों का मज़बूत होना हमारे लिए बेहद जरूरी है। अगर ये कमज़ोर हो जाएं तो हमें हड्डियों से जुड़ी कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं। कमज़ोर हड्डियां थोड़े से चोट लगने से ही टूट सकती हैं। इसलिए यह जरूरी है कि हम अपने हड्डियों का खास ख्याल रखें और उन्हें कमज़ोर होने से बचाएं। आज हम आपको मजबूत हड्डियों के लिए कुछ प्राकृतिक टिप्स बता रहे हैं-
पर्याप्त मात्रा में करें प्रोटीन का सेवन- प्रोटीन हमारी हड्डियों के लिए बहुत जरूरी पोषक तत्व है। हमारी हड्डियों का 50 प्रतिशत हिस्सा प्रोटीन से ही बना होता है। व्यक्ति को प्रतिदिन 100 ग्राम प्रोटीन खाना चाहिए जिससे उम्र बढ़ने पर भी हड्डियां मजबूत बनी रहे।
विटामिन डी और विटामिन के की पर्याप्त मात्रा से रहेंगी हड्डियां मजबूत- विटामिन डी हमारी हड्डियों की मजबूती के लिए एक महत्वपूर्ण विटामिन है। यह हड्डियों के कैल्शियम सोखने की क्षमता को बढ़ाता है। कई अध्ययनों में यह देखा गया है कि वो बच्चे और युवा जिनमें विटामिन डी की कमी होती है उन्हें हड्डियों के खोखला होने, ओस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियों का खतरा ज़्यादा रहता है। विटामिन के भी हमारी हड्डियों के लिए बहुत फायदेमंद है जो हमें पालक, ब्रॉकली, सोयाबीन तेल आदि से मिलता है।
मैग्नीशियम और जिंक युक्त फूड्स का करें सेवन- हमारी हड्डियों के लिए मैग्नीशियम और जिंक दोनों ही मिनरल्स बहुत जरूरी हैं। हमारी हड्डियों की मजबूती में इनकी बहुत ही कम मात्रा चाहिए होती है। मैग्नीशियम की आपूर्ति के लिए आप नट्स, साबुत अनाज, एवोकाडो, बीन्स, मटर आदि खा सकते हैं। पालक, कद्दू के बीज, डेयरी प्रोडक्ट्स आदि जिंक के अच्छे स्रोत होते हैं।
ओमेगा थ्री फैटी एसिड से युक्त फूड्स- ओमेगा थ्री फैटी एसिड युक्त भोजन करने से हमारी हड्डियां उम्र के साथ खोखली होने से बच जाती हैं। इससे नए हड्डियों का विकास होता है और उम्र बढ़ने पर हड्डियों की बीमारी होने की संभावना कम रहती हैं। खाने में मछली, नट्स, अखरोट, चिया के बीज, पटसन का तेल, सोयाबीन का तेल आदि शामिल करें।
वजन नियंत्रण में रखें और व्यायाम करें- अधिक वजन कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं पैदा करता है। इससे हमारी हड्डियों पर अधिक भार पड़ता है। कई अध्ययनों में यह देखा गया है कि मोटापा हड्डियों के स्वास्थ्य पर असर डालता है और अधिक वजन के कारण हड्डियों के टूटने का रिस्क बना रहता है। इसलिए वजन नियंत्रण में रखें और नियमित व्यायाम करें। व्यायाम करने से हड्डियां मज़बूत बनती हैं।