मानव शरीर में लिवर सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण अंग होता है। यह खून को फिल्टर करने के साथ-साथ शरीर में एनर्जी संचयन करता है। लेकिन अव्यवस्थित लाइफस्टाइल और असंतुलित खानपान का असर सबसे ज्यादा लिवर पर पड़ता है। यह शरीर से विषैले पदार्थों को निकालने और भोजन को पचाने में मदद करता है। आप जो भी खाते हैं, उसका असर लिवर पर पड़ता है। अगर आपका खानपान सही नहीं है, तो इससे फैटी लिवर, सूजन आ जाना और इंफेक्शन जैसी बीमारी भी हो सकती है।
हालांकि, घरेलू उपायों के जरिए आप अपने लिवर को फिट रख सकते हैं। खाने में इस्तेमाल किए जाने वाले मसाले औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं। यह आपके पेट की सूजन को खत्म कर, लिवर को स्वस्थ बना सकते हैं।
-हल्दी: लगभग हर घर में पाई जाने वाली हल्दी का इस्तेमाल सब्जियों को कलर देने के लिए किया जाता है। हालांकि, इसमें कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इसमें एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं। यह ना सिर्फ हेपेटाइटिस के जोखिम को कम करती है, बल्कि आपके लिवर को हेल्दी भी बनाती है। इसके लिए आप हल्दी की चाय या हल्दी वाला दूध ले सकते हैं।
-जीरा: जीरा शरीर के लिए काफी फायदेमंद है। क्योंकि यह पाचन और पित्त रस को दुरुस्त करने में मदद करता है। जीरे का इस्तेमाल छौंक में किया जाता है। लेकिन साथ ही यह लिवर को डिटॉक्सिफाइड करने में भी मदद करता है। आप अपने लिवर को मजबूत करने के लिए जीरे के पानी का नियमित सेवन कर सकते हैं।
-धनिया: खाने में धनिये का इस्तेमाल स्वाद को बढ़ाने के लिए किया जाता है। हालांकि, यह मसाला डिटॉक्सिफिकेशन में भी मदद करता है, जो लिवर को हेल्दी बनाए रखता है।
-सौंफ: सौंफ का इस्तेमाल माउथ फ्रेशनर के तौर पर किया जाता है। इसकी खुशबू काफी अच्छी होती है। लेकिन इसी के साथ यह लिवर को भी मजबूत बनाता है। लिवर को हेल्दी बनाने के लिए आप अपने खाने में सौंफ के बीज मिला सकते हैं। सौंफ के बीज वजन घटाने में भी मदद करते हैं।
-आंवला: आंवला स्वास्थ्य संबंधी कई तरह की बीमारियों को ठीक करने में मदद करता है। यह विटामिन सी का अच्छा स्त्रोत है। यह लिवर को हेल्दी बनाने में काफी मदद करता है। लिवर को स्वस्थ बनाएं रखने के लिए आपको दिनभर में 4 से 5 आंवले का सेवन करना चाहिए।