Breast Cancer Remedies: 2018 में आई ग्लोबोकैन की एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में कैंसर के लगभग साढ़े 11 लाख से भी अधिक नए मामले रिकॉर्ड किए गए हैं। इस आंकड़े में 5 लाख 87 हजार से भी ज्यादा महिलाएं शामिल हैं। महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर सबसे आम है, रिपोर्ट के अनुसार 1.5 लाख से भी अधिक महिलाएं ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित हैं। ऐसे में महिलाओं को अपनी सेहत को लेकर सतर्क रहना चाहिए।
एक अमरीकी शोध के मुताबिक स्वस्थ खानपान व शारीरिक गतिविधियां ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को 25 से 30 फीसदी तक कम कर सकती है। इसे इसलिए भी फायदेमंद माना जाता है क्योंकि मोटापा व सुस्त जीवन-शैली की जकड़ में रहने वाली महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के अधिक मामले देखे गए हैं। वहीं, ये जानना भी बेहद जरूरी है कि किन चीजों को खाने से कैंसर का खतरा बढ़ता है और किससे कम होता है। आज जानते हैं उन 4 खाद्य पदार्थों के बारे में जिनके सेवन से स्तन कैंसर होने की संभावना कम होती है।
सेब: सेब के पौष्टिक गुणों के कारण ही ये कहावत प्रचलित है कि रोजाना एक सेब खाने से बीमारियां दूर रहती हैं। सेब में प्रचुर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। साथ ही, इसमें मौजूद फाइबर और बाकी तत्व भी स्तन कैंसर के खतरे को कम करने में फायदेमंद माने गए हैं। हालांकि, सेब को छिलका सहित खाना चाहिए क्योंकि ज्यादातर पोषण इसमें ही पाए जाते हैं।
ब्रोकली: स्तन कैंसर के रोकथाम के लिए जो जरूरी तत्व होते हैं, वो सभी ब्रोकली में पाए जाते हैं। इस क्रुसिफेरस सब्जी में खास गुण पाए जाते हैं जो ट्यूमर के ग्रोथ को रोकने में सक्षम हैं। ब्रोकली में फोलेट और विटामिन के जैसे विटामिन्स-मिनरल्स पाए जाते हैं। साथ ही, फाइटोन्यूट्रिएंट्स भी मौजूद होते हैं। ये सभी मिलकर कैंसर का खतरा कम करते हैं।
अनार: 2015 के एक अध्ययन के अनुसार इस सेहतमंद फल में मौजूद तत्व ओइस्ट्रोजेन के कारण होने वाले कैंसर को कम करने में माहिर है। इसके साथ ही, प्रोस्टेट कैंसर व हार्ट डिजीज से भी बचाता है।
हल्दी: हल्दी न केवल खाने का रंग-रूप और स्वाद बढ़ाने में कारगर है बल्कि स्वास्थ्य की दृष्टि से भी इसके अनेकों फायदे हैं। इसमें कर्क्युमिन पाया जाता है जो ब्रेस्ट कैंसर सहित कई दूसरे तरह के कैंसर से भी शरीर को बचाता है। इसमें पाए जाने वाले एंटी-इन्फ्लेमेट्री तत्व लोगों को कई बीमारियों से सुरक्षित रखता है।