तपती, जलती और चुभती गर्मी का मौसम अपने चरम पर है। तेज लू और चिलचिलाती धूप के चलते बच्चों से लेकर बड़े और बूढों तक, हर किसी का हाल बेहाल है। इस मौसम में लू लगने और डिहाइड्रेशन की समस्या होना काफी आम है। उच्च तापमान आपके शरीर में अम्लता बढ़ाता है और ये पीएच संतुलन को भी बिगाड़ सकता है। इससे अलग भी गर्मी का मौसम अपने साथ कई तरह की परेशानियां लेकर आता है। ऐसे में इस मौसम में आपको अपना ध्यान रखना और ज्यादा जरूरी हो जाता है। गर्मी के प्रभाव और इस मौसम में कई तरह की बीमारियों से बचने के लिए खान-पान पर ध्यान देने की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। इसी कड़ी में इस आर्टिकल में हम आपको कुछ ऐसे फूड्स के बारे में बताने जा रहे हैं जो गर्मी और इससे होने वाली बीमारियों से बचाने के लिए रामबाण साबित हो सकते हैं।

बेल:

गर्मियां आते ही बेल का मौसम भी शुरू हो जाता है। चिलचिलाती गर्मी से सुकून पाने के लिए केवल एक गिलास बेल का जूस ही काफी है। ये आपको ठंडक देने के साथ-साथ हाइड्रेटेड भी रखता है, साथ ही रोज एक गिलास बेल का जूस पीने से कई तरह की बीमारियों से निजात पाई जा सकती है। जर्नल ऑफ एनवायरनमेंट साइंस के मुताबिक बेल में प्राकृतिक रूप से शुगर होने के साथ प्रोटीन, फाइबर, फेट, कैल्शियम, पोटेशियम, आयरन, फॉस्फोरस, विटामिन ए, बी, सी अधिक मात्रा में पाया जाता है। ये सभी हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं। इसके अलावा आयुर्वेद में भी बेल को सेहत के लिए औषधी माना गया है। बेल पाचन से जुड़ी कई समस्याओं में फायदा दे सकता है।

तरबूज:

गर्मी के मौसम में हाइड्रेट रहने के लिए अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह दी जाती है। हालांकि, कई बार केवल पानी काफी नहीं होता है। ऐसे में आप कई पानी से भरपूर फल या सब्जियों का सहारा ले सकते हैं। तरबूज इन्हीं में से एक है। तरबूज में सबसे ज्यादा पानी की मात्रा होती है। घर से निकलते समय आप तरबूज काटकर खाएं इससे ना केवल आपकी इम्यूनिटी बूस्ट होगी, बल्कि ये वजन कम करने में मदद करता है। इससे अलग तरबूज हार्ट को हेल्दी रखता है, पेट को ठंडा रखता है और पाचन शक्ति भी दुरुस्त बनाता है।

सब्जा या तुलसी के बीज:

तुलसी के बीज प्रोटीन, आवश्यक फैट और कार्बोहाइड्रेट से भरपूर होते हैं। आयुर्वेद की मानें तो ये पोषक तत्वों का एक बेहतरीन सोर्स है और गर्मी के मौसम के लिए बेस्ट है। सब्जा या तुलसी के बीज दिखने में बिल्कुल चिया बीज जैसे नजर आते हैं। हालांकि, चिया बीजों की तुलना में तुलसी के बीजों में अधिक प्रोटीन पाया जाता है, साथ ही इनके सेवन से शरीर को लंबे समय तक ठंडा रखा जा सकता है। आप इन्हें नींबू पानी या गुलकंद शरबत में डालकर पी सकते हैं।

सौंफ:

अगर आपको बाकि लोगों के मुकाबले अधिक गर्मी महसूस होती है तो आप खाली पेट सौंफ का पानी पी सकते हैं। ऐसा करने पर आप पूरा दिन हाइड्रेट फील करेंगे। सौंफ का पानी पीने से हिट वेव में भी आप खुद को तरोताजा महसूस करेंगे। इसके अलावा आप सौंफ को चबा भी सकते हैं।

ककड़ी:

विशेषज्ञ बताते हैं कि ककड़ी में 70% से ज्यादा पानी की मात्रा होती है। गर्मियों में ककड़ी पेट के लिए भी फायदेमंद है। ककड़ी खाने से शरीर ठंडा रहता है, साथ ही ये शरीर में एसिड के स्तर को भी संतुलित करती है।