गुड़ और जीरा हर घर में पाए जाने वाले खाद्य पदार्थ हैं। जीरा हमारे घरों में इस्तेमाल किए जाने वाले मसालों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है जिसका प्रयोग हम खानों को स्वादिष्ट तथा खूश्बूदार बनाने के लिए करते हैं। दाल आदि का तड़का लगाने के लिए जीरा एक अनिवार्य मसाला है। स्वाद के साथ स्वास्थ्य के लिए भी जीरा एक कारगर फूड है। वहीं गुड़ भी तमाम तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होता है। जीरा और गुड़ के पानी का सेवन करने से कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं को ठीक किया जा सकता है। तो चलिए जानते हैं कि गुड़ और जीरे के पानी से कौन-कौन सी बीमारियां ठीक की जा सकती हैं।

सरदर्द से छुटकारा – गुड़ और जीरे का पानी पीने से सरदर्द से काफी राहत मिल जाती है। इसलिए अगर आपको बार-बार सरदर्द की शिकायत रहती है तो आप इस नुस्खे का इस्तेमाल करके जरूर देखें। सरदर्द के अलावा जीरे और गुड़ के पानी से बुखार को भी ठीक किया जा सकता है।

इम्यून सिस्टम रहेगा दुरुस्त – जीरा और गुड़ शरीर के विषाक्त तत्वों को बाहर करने के प्राकृतिक गुणों से भरपूर होते हैं। ये हमारे शरीर की गंदगी को साफ कर हमारा इम्यून सिस्टम मजबूत बनाते हैं। इससे हमें तमाम बीमारियों से लड़ने में मदद मिलती है।

पेट की हर समस्या रखे दूर – जीरा और गुड़ दोनों पेट की हर समस्या दूर करने के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में कब्ज, गैस, पेट फूलना और पेट दर्द जैसी समस्याओं से राहत पाने के लिए जीरे और गुड़ के पानी का नुस्खा जरूर आजमाइए। इससे पेट की हर समस्या का समाधान हो जाएगा।

पीरियड्स की समस्या और कमर दर्द में लाभकारी – पीरियड्स में हार्मोनल बदलावों के चलते महिलाओं को तमाम तरह की तकलीफें होती हैं। इन सभी तकलीफों से निजात दिलाने में गुड़ और जीरे का पानी बेहद कारगर नुस्खा है। इसके अलावा पीठ दर्द तथा कमर दर्द जैसी समस्याओं के इलाज में भी गुड़ और जीरे का पानी बहुत मदद करता है।

कैसे बनाएं – जीरे और गुड़ का पानी बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में दो कप सादा पानी लें। अब इसमें एक चम्मच पिसा हुआ गुड़ और एक चम्मच जीरा मिलाएं और अच्छी तरह उबाल लें। उबालने के बाद इस पानी को आप कप मे निकालकर पी सकते हैं। रोज सुबह खाली पेट एक कप इस पानी का सेवन करने से फायदा मिलता है।