प्रेगनेंसी से जुड़े कई ऐसे सवाल होते हैं, जिन्हें लेकर ज्यादातर महिलाएं कंफ्यूज रहती हैं। इन्हीं में एक सवाल है कि आखिर संबंध बनाने के कितने दिन बाद प्रेगनेंसी टेस्ट करना सही रहता है? खासकर ऐसी महिलाएं जो प्रेगनेंसी प्लान नहीं कर रही हैं, उनके मन में प्रेगनेंसी टेस्ट से जुड़ा ये सवाल बहुत सारी चिंताएं पैदा कर देता है। अगर आप भी ऐसी ही दुविधा से जूझ रही हैं, तो यहां हम आपको इसी सवाल का जवाब दे रहे हैं।

टेस्ट से पहले रखें इन बातों का ध्यान

क्या है सही समय?

मधुकर रेनबो चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल में सीनियर कंसलटेंट, एमबीबीएस, एमएस, ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी डॉ साक्षी गोयल के मुताबिक, सही परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रेगनेंसी टेस्ट का सही समय पर होना सबसे जरूरी है। अगर आप बहुत जल्दी टेस्ट करवाती हैं, तो यह आपके शरीर में प्रेगनेंसी हार्मोन, एचसीजी (ह्यूमन कोरियोनिक गोनाडोट्रोपिन) की उपस्थिति का पता लगाने में असमर्थ हो सकता है। ऐसे में टेस्ट के परिणाम गलत भी हो सकते हैं। फर्टिलाइज्ड अंडे के गर्भाशय की परत से जुड़ने के तुरंत बाद प्लेसेंटा द्वारा एचसीजी का उत्पादन होता है और प्रेगनेंसी के शुरुआती चरणों में इसका स्तर तेजी से बढ़ता है।

दरअसल, संबंध के बाद कंसीव करने में थोड़ा समय लगता है। आमतौर पर माना जाता है कि स्पर्म को फैलोपियन ट्यूब्स के जरिए यूटरस तक पहुंचने में दो से तीन दिन का समय लगता है। यानी अगर आप संबंध बनाने के तुरंत बाद या 2 से 3 दिन बाद टेस्ट करती हैं, तो ज्यादातर चांस हैं कि नतीजे गलत ही आएं। हालांकि, अगर फीमेल की बॉडी में एग तैयार हो, तो ये समय कम भी हो सकता है। ऐसे मामलों में तीन से चार दिन में भी कंसीव हो सकता है।

सवाल फिर वही है, कितने दिन बाद करें टेस्ट?

इसके लिए अपने मासिक धर्म चक्र को समझना जरूरी है। मासिक धर्म चक्र आमतौर पर लगभग 28 दिनों तक चलता है, लेकिन यह व्यक्ति-दर-व्यक्ति अलग भी हो सकता है। चक्र को दो चरणों में विभाजित किया गया है, पहला कूपिक चरण (ओव्यूलेशन से पहले) और दूसरा ल्यूटियल चरण (ओव्यूलेशन के बाद)।

मासिक धर्म न आने की प्रतीक्षा करें

मासिक धर्म न आने के बाद, प्रेगनेंसी टेस्ट के लिए कम से कम 7-10 दिन प्रतीक्षा करें, क्योंकि प्रेगनेंसी के पहले हफ्तों में इसका पता लगाना आमतौर पर मुश्किल होता है और सही परिणाम प्राप्त करने में समय लग सकता है।

शीघ्र पता लगाने वाले परीक्षणों का उपयोग करें

कुछ प्रेगनेंसी टेस्ट दूसरों की तुलना में प्रेगनेंसी का जल्दी पता लगाने में मदद कर सकते हैं। प्रेगनेंसी के 7-10 दिनों के बाद प्रारंभिक जांच की जा सकती है। ये टेस्ट एचसीजी के निम्न स्तर के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं और जल्द ही सही परिणाम प्रदान कर सकते हैं।

परीक्षण निर्देशों का पालन करें

प्रेगनेंसी टेस्ट किट के साथ दिए गए निर्देशों का हमेशा पालन करें। चुने गए टेस्ट के ब्रांड और प्रकार के आधार पर परिणाम का समय थोड़ा अलग हो सकता है।

सुबह के मूत्र का उपयोग करें

सबसे सही परिणामों के लिए, प्रेगनेंसी टेस्ट करते समय अक्सर सुबह के पहले मूत्र का उपयोग करना ठीक रहता है। यदि कोई महिला प्रेग्नेंट है, तो यह यूरिन अधिक गाढ़ा होता है और इसमें एचसीजी का स्तर अधिक होने की संभावना होती है।

वहीं, अगर परिणाम नकारात्मक आते हैं लेकिन फिर भी आपको प्रेगनेंसी का संदेह है, तो कुछ दिन इंतजार करने के बाद फिर से टेस्ट करने पर विचार करना चाहिए। प्रारंभिक प्रेगनेंसी के दौरान एचसीजी का स्तर हर 48-72 घंटों में दोगुना हो सकता है, यानी नकारात्मक परिणाम समय के साथ सकारात्मक भी हो सकते हैं। ऐसे में किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले सही जांच की सलाह दी जाती है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।