Diabetes Symptoms: कोरोना वायरस के इस दौर में डायबिटीज के मरीजों को अपनी सेहत के प्रति अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों को इस वायरस से ज्यादा खतरा है। डायबिटीज से पीड़ित लोगों की इम्यूनिटी कमजोर होती है जिस वजह से उन्हें अपने स्वास्थ्य की ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। इस बीमारी का सबसे प्रमुख कारण गलत खान-पान और खराब जीवन शैली है। डायबिटीज में खुद का सही से ख्याल नहीं रखने पर व्यक्ति की हालात इतनी बिगड़ सकती है कि उसकी जान भी जा सकती है। मधुमेह को साइलेंट किलर भी कहा जाता है क्योंकि इसके लक्षणों को पहचानने से पहले ही शरीर पर धावा बोल देता है। ऐसे में आइए जानते हैं डायबिटीज के वो आम लक्षण जिन्हें लोग कर देते हैं नजरअंदाज-

क्या हैं बेसिक सिम्पटम्स: अगर किसी व्यक्ति को जरूरत से ज्यादा भूख या प्यास लगने की शिकायत हो तो उसे तुरंत अपना ब्लड शुगर लेवल चेक कराना चाहिए। इसके अलावा, कोहनी, घुटना, ग्रोइन, गर्दन या फिर आर्मपिट में धब्बे होना भी डायबिटीज की ओर इशारा करता है। वहीं, बार-बार पेशाब लगना और बिना किसी कारण वजन घटना भी डायबिटीज का लक्षण माना जाता है। इस बीमारी में स्किन ड्राय हो सकती है, साथ ही लोगों को उसमें खुजली की समस्या भी हो सकती है। मसूड़ों में लालीपन और सूजन भी मधुमेह का संकेत है। मधुमेह से जुड़ी छोटी-छोटी चीजों पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। लापरवाही करने पर लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

नजरअंदाज करने पर ये हो सकती हैं परेशानियां: अगर ब्लड शुगर लेवल समय पर कंट्रोल न किया जाए या फिर मरीजों में डायबिटीज की पहचान समय रहते न हो तो ये कई स्वास्थ्य समस्याओं को बुलावा दे सकता है। हाई ब्लड शुगर हार्ट अटैक, स्ट्रोक, आर्टरीज के संकुचित होने जैसी कई दिल से जुड़ी बीमारियों का कारण बनता है। इसके अलावा, उच्च मधुमेह के शिकार लोगों की नसें, किडनी और आंख भी डैमेज  हो सकती है। इन मरीजों को आए दिन घाव और फुंसी का सामना करना पड़ता है जिनमें संक्रमण का खतरा रहता है। त्वचा व पेट संबंधित रोगों का भी सामना ऐसे मरीजों को करना पड़ सकता है।

जीवन-शैली का रखें खास ख्याल: डायबिटीज के मरीजों को हेल्दी लाइफस्टाइल जीने की सलाह दी जाती है। खानपान में सतर्कता के साथ ही, खाने का समय भी फिक्स होना चाहिए। एंडोक्राइन सोसायटी जर्नल ऑफ क्लिनिकल एंडोक्रिनोलॉजी एंड मेटाबॉलिज्म में छपी एक स्टडी के अनुसार रोजाना फिक्स्ड टाइम पर खाना खाने से ब्लड शुगर कंट्रोल में रहता है। अध्ययनकर्ताओं के अनुसार रात को जल्दी खाना खाने से न केवल ब्लड शुगर बल्कि वजन घटाने में भी मदद मिलती है।