मेन्स्ट्रूअल साइकल यूटेरस से ब्लड और टिशूज को हटाने की मासिक प्रक्रिया है जिसकी शुरूआत महिलाओं में 13-14 साल की उम्र में होती है। पीरियड के शुरूआत के तीन दिन महिलाओं के लिए काफी परेशान करने वाले होते हैं। इस दौरान महिलाओं के शरीर में बनने वाला प्रोस्टाग्लैंडीन रसायन कई तरह की परेशानियां पैदा करता है। प्रोस्टाग्लैंडीन गर्भाशय की मांसपेशियों में संकुचन को बढ़ाता है। जिन महिलाओं में प्रोस्टाग्लैंडीन अधिक होता है, उनमें संकुचन अधिक होने के कारण पीरियड्स के दौरान दर्द भी अधिक होता है।

पीरियड के तीन दिन जहां दर्द और परेशानी देते हैं वहीं गर्मी में ये परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है। शुरूआत के तीन दिनों में हैवी फ्लों और उसके साथ पसीना महिलाओं के लिए ज्यादा परेशान करने वाला होता है। गर्मी में वजाइनल हेल्थ का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है वरना संक्रमण का खतरा बढ़ने लगता है।

पीरियड के दौरान मेन्स्ट्रूअल हाइजीन को बनाए रखना बेहद जरूरी है। यहां हम आपको कुछ खास टिप्स के बारे में बता रहे हैं जिन्हें अपनाकर आप अपने मुश्किल दिनों को भी आसान बना सकती है।

चार घंटे में पैड बदलें: बॉडी दिन के समय अधिक सक्रिय रहती है तो ब्लड का फ्लो भी ज्यादा रहता है, इसलिए पैड अधिक ब्लड, पसीना और सीबम को अवशोषित करता है। यह परिस्थिति बैक्टीरिया के पनपने के लिए माकूल है। स्किन पर होने वाले संक्रमण से बचना है तो एक पैड को दिन में चार घंटे से अधिक नहीं लगाएं।

ठीक से वॉश करें: ब्लड पीरियड के दौरान बैक्टीरिया के पनपने के लिए एक अनुकूल वातावरण बनाता है, इसलिए जेनिटल एरिया को दिन में कम से कम दो बार वॉश करें। हालांकि वजाइना को बहुत अच्छी तरह से नहीं धोएं, इससे आपका पीएच संतुलन बिगड़ सकता है, जिससे आपको यीस्ट इंफेक्शन और बैक्टीरियल वेजिनोसिस का खतरा रहता है।

वेजाइनल एरिया को ड्राई रखें: गर्मी में यूरिन डिस्चार्ज करने के फौरन बाद वजाइना को पोछें, इस मौसम में वजाइना को सूखा रखें। गीलापन, बैक्टीरिया के विकास को बढ़ावा दे सकता है और जलन पैदा कर सकता है। आप वजाइना पर एंटीसेप्टिक पाउडर का भी इस्तेमाल कर सकती हैं।

खुशबू वाले उत्पादों का प्रयोग न करें: वजाइना की सफाई करने की जरूरत नहीं होती वो सेल्फ क्लीनिंग ऑर्गन है। आप वजाइना की सफाई के लिए किसी तरह के खुशबू वाले साबुन या अन्य कॉस्मेटिक उत्पादों का इस्तेमाल करने से परहेज करें। अगर आप गर्मी में वजाइना की सफाई करना चाहती हैं तो गर्म पानी से बिना साबुन के सफाई करें।

कॉटन के कपडे पहने: पीरियड के दौरान तंग अंडर गर्मेंट पहनने से बचें। तंग कपड़े स्किन को सांस नहीं लेने देते। गर्मी में सिंथेटिक कपड़े नमी और गर्मी को बढ़ा सकते हैं जिसकी वजह से बैक्टीरिया पनपते हैं। गर्मी में सूती अंडरवियर और ढीले-ढाले कपड़े पहनें।