शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण से लेकर एंटी-ऑक्सीडेंट्स के नियमन तक, आयरन शरीर के विभिन्न अंगों को ठीक तरह से संचालित करने के लिए आवश्यक तत्व है। इसके अलावा यह शरीर के अलग-अलग हिस्सों में ऑक्सीजन की आपूर्ति करने का भी काम करता है। अगर आपके शरीर में आयरन की कमी होती है तो इससे हिमोग्लोबिन का स्तर काफी कम हो जाता है और शरीर के विभिन्न हिस्सों में ऑक्सीजन की कमी हो जाती है। हमारी संज्ञानात्मक क्षमता, मेटाबॉलिज्म और रोग-प्रतिरोध क्षमता को दुरुस्त रखने में आयरन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में वयस्कों को हर दिन कम से कम 8-27 mg आयरन लेना जरूरी होता है। सी-फूड्स और मांस आयरन के बेहरीन स्रोत होते हैं, लेकिन अगर आप वेजिटेरियन हैं तो आपके पास अन्य विकल्प भी हैं जो सी-फूड्स और मांस से ज्यादा प्रभावी होते हैं। तो आइए, जानते हैं कि वे विकल्प क्या हैं?

सोयाबीन्स – सोयाबीन आयरन के बेहतरीन स्रोत होते हैं। एक कप सोयाबीन में 3.5mg आयरन पाया जाता है। इसके अलावा यह प्रोटीन्स के भी बेहतरीन स्रोत होते हैं। इन्हें आप नाश्ते में या फिर भोजन के साथ सलाद के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।

पालक – पालक को पोषण का पॉवरहाउस कहा जाता है। विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर पालक की एक कप मात्रा में तकरीबन 6mg आयरन पाया जाता है। इसे सब्जी के तौर पर तो इस्तेमाल किया ही जाता है, इसके अलावा आप इसे अपनी सलाद रेसिपी का भी हिस्सा बना सकते हैं।

तिल – तिल के स्वास्थ्य संबंधी अनेक फायदे होते हैं। इसमें आयरन भरपूर मात्रा में पाया जाता है। एक चम्मच तिल में तकरीबन 1.3Mg आयरन पाया जाता है।

मसूर की दाल – मसूर की दाल शाकाहारियों के लिए आयरन का बेहतरीन विकल्प होती हैं। इसमें सिर्फ आयरन ही नहीं बल्कि प्रोटीन की भी अच्छी-खासी मात्रा पाई जाती है। एक कप मसूर का दाल में तकरीबन 7mg आयरन पाया जाता है।

डार्क चॉकलेट्स – डार्क चॉकलेट आयरन के अच्छे स्रोत होते हैं। एक औंस चॉकलेट में तकरीबन 3mg आयरन पाया जाता है। एक अच्छी क्वालिटी की डार्क चॉकलेट का सेवन करने से शरीर में सिर्फ आयरन की मात्रा ही नहीं बढ़ती बल्कि यह तनाव दूर करने तथा त्वचा और बालों को स्वस्थ रखने में मददगार भी होता है।