ज्यादातर महिलाएं हर महिएं होने वाले मेंस्ट्रुअल साइकिल के दौरान पेट और जांघों में दर्द से परेशान रहती हैं। पीरियड के दौरान कुछ महिलाओं को दर्द एक दिन रहता है तो कुछ महिलाएं 2-3 दिन इस दर्द से जूझती हैं। स्त्री रोग विशेषज्ञ और प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. जागृति वार्ष्णेय ने बताया कि पीरियड के दौरान मोटी एंडोमेट्रियम-गर्भाशय की परत निकल जाती है। यह प्रोस्टाग्लैंडिंस नामक कुछ हार्मोन जैसे पदार्थों के कारण होता है, जो गर्भाशय के संकुचन, दर्द और सूजन में भी भूमिका निभाते हैं। ये लक्षण पीरियड के दौरान ऐंठन का कारण बनते हैं। एक्सपर्ट ने बताया कि हर महीने पीरियड के दौरान नॉर्मल पेन होना सामान्य हैं जो हर महिला को होता है।
यदि लक्षणों की गंभीरता अधिक है तो यह प्रोस्टाग्लैंडीन के उच्च स्तर के कारण हो सकता है, जिससे फाइब्रॉएड, एंडोमेट्रियोसिस या डिम्बग्रंथि पुटी जैसी कुछ परेशानियां हो सकती है। कुछ महिलाओं को दर्द ज्यादा होता है तो वो इस दौरान एक से ज्यादा पेन किलर का सेवन कर लेती हैं। अब सवाल ये उठता है कि क्या पीरियड के दौरान पेन किलर का सेवन महिलाओं के लिए ठीक है? पेट दर्द और ऐंठन से निजात पाने के लिए दवाई का सेवन करना सही हैं आइए एक्सपर्ट से जानते हैं।
डॉ. वार्ष्णेय के अनुसार पीरियड पेन से निजात पाने के लिए पेन किलर का सेवन ठीक है या नहीं
पीरियड के दौरान दर्द और ऐंठन से निजात पाने के लिए दर्द निवारक दवाएं लेना आमतौर पर सुरक्षित होता है। लेकिन अगर ये दर्द इतना ज्यादा है कि आपकी डेली एक्टिविटी को प्रभावित कर रहा हैं तो आपको तुरंत स्त्री रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। हालांकि हल्के से मध्यम दर्द के लिए आप नॉनस्टेरॉइडल एंटी-इंफ्लेमेटरी ड्रग्स (NSAID) जैसे मेफेनैमिक एसिड और इबुप्रोफेन का सेवन कर सकती हैं।
एनएसएआईडी पीरियड पेन में ऐंठन के लिए जिम्मेदार प्रोस्टाग्लैंडीन के उत्पादन को रोकने में मदद करती हैं। एक्सपर्ट ने बताया कि इस दौरान सीमित खुराक का सेवन करना ठीक है। इबुप्रोफेन की आदर्श खुराक 200 मिलीग्राम है, जबकि मेफेनैमिक एसिड की आदर्श खुराक 250 मिलीग्राम है। आठ घंटे की अवधि में केवल एक से दो गोलियों का सेवन करना सुरक्षित माना जाता है।
कब और कितनी दवा का सेवन सुरक्षित है?
एक्सपर्ट ने इस दौरान महिलाओं को सलाह दी है कि इन एनएसएआईडी (NSAIDs) का सेवन खाना खाने के बाद भी करें, क्योंकि ये गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याओं को जन्म दे सकता हैं। इस दवा की ज्यादा खुराक मतली और उल्टी का कारण बन सकती है, क्योंकि ये लक्षण प्रीमेंस्ट्रुअल सिंड्रोम (पीएमएस) से पीड़ित महिलाओं में पहले से ही मौजूद होते हैं। इस दवाई से कब्ज, सीने में जलन, हाई ब्लड प्रेशर और पेट दर्द हो सकता है। NSAIDs के अत्यधिक उपयोग से जुड़े कम ज्ञात जोखिम पेट के अल्सर, किडनी और दिल के रोग का कारण बन सकते हैं।
पेन किलर की जगह इन नुस्खो से करें दर्द का उपचार
- बॉडी को हाइड्रेट रखें। इस दौरान महिलाएं पानी ज्यादा पिएं।
- सूजन को कम करने के लिए गर्म पानी की थैली से सिकाई करें।
- टमाटर, जामुन, अनानास, अदरक, हरी पत्तेदार सब्जियां, बादाम और अखरोट जैसे सूजन रोधी भोजन खाएं।