हमारी अच्छी सेहत के लिए अच्छी गट हेल्थ बेहद जरूरी है। आपकी गट हेल्थ पूरे शरीर का पॉवर हाउस है। जब गट बीमार होता है, तो शरीर के बाकी हिस्सों पर इसका असर साफ दिखाई देने लगता है। अस्वस्थ आंत (Unhealthy Gut) शरीर के कई हिस्सों में सूजन के लिए जिम्मेदार होती है। अनहेल्दी गट इम्युनिटी को कमजोर बनाता है और कई बीमारियों का शिकार बनाता है।
अनहेल्दी गट की वजह से पेट में बार-बार गैस बनने, पेट फूलने, कब्ज , दस्त, गले या सीने में जलन या बेचैनी होने जैसे पेट की खराबी के लक्षण दिख सकते हैं। गट को हेल्दी रखने के लिए कुछ फूड्स का सेवन बेहद असरदार साबित होता है। कुछ फूड्स इम्युनिटी को स्ट्रॉन्ग करते हैं और गट को हेल्दी बनाते हैं। कब्ज एक ऐसी परेशानी है जो अनहेल्दी गट की वजह से ही पनपती है।
पांच में से एक भारतीय कब्ज से पीड़ित है। कब्ज की परेशानी में इनसान बैचेन रहता है। ये कई क्रॉनिक बीमारियों का कारण बनता है। पोषण विशेषज्ञ लवनीत बत्रा ने इंस्टाग्राम पर कुछ ऐसे फूड्स की लिस्ट बताई है जो कब्ज से राहत दिलाएंगे, साथ ही गट को हेल्दी भी रखेंगे।
आलूबुखारा: कब्ज से राहत पाने के लिए आलूबुखारा का सेवन करें। आलूबुखारा कब्ज से राहत दिलाता है। यह आंतों में पानी खींचकर मल त्याग करने में मदद करता है। कब्ज को कम करने में ये ड्राईफ्रूट बेहद असरदार है।
सब्जियों का जूस पीएं: नाश्ते में सुबह या शाम अपनी पसंदीदा सब्जियों से बना एक गिलास सब्जियों का जूस पीएं। आप पालक + टमाटर + चुकंदर + नीबू का रस + अदरक को मिलाकर एक गिलास ताज़ा जूस बना सकते हैं।
त्रिफला का सेवन करें: त्रिफला एक अद्भुत जड़ी बूटी है। इसमें तीन महत्वपूर्ण जड़ी-बूटियां हैं जैसे आमलकी, हरीतकी और बिभीतकी। ये सभी जड़ी बूटियां कब्ज को दूर करने में मदद करती हैं। सोने से पहले एक कप गर्म दूध या गर्म पानी में आधा चम्मच त्रिफला का सेवन करें।
ओट्स का सेवन करें: ओट्स बीटा-ग्लूकेन्स से भरपूर होते हैं। ये प्रोबायोटिक कार्यों के साथ घुलनशील फाइबर है। यह गट में गुड बैक्टीरिया को पैदा करता है। गट की अच्छी हेल्थ के लिए ओट्स का सेवन बेहद असरदार साबित होता है।
घी खाएं: कब्ज की बीमारी से निजात पाने के लिए खाने में घी का सेवन करें। घी कब्ज को दूर करने में असरदार है। आयुर्वेदिक हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक घी हमारी बॉडी को चिकनाई देता है और आंतों के मार्ग को साफ रखता है। जिन लोगों को कब्ज की परेशानी हैं वो डाइट में घी का सेवन करें।