जल ही जीवन हैं हम सभी ये बात अच्छे से जानते हैं। रोज पर्याप्त पानी का सेवन करने से बॉडी हाइड्रेट रहती है और बॉडी फंक्शन दुरुस्त रहता है। आप जानते हैं कि जब हम पानी पीते हैं तो ये पानी शरीर में एक निश्चित प्रक्रिया से गुजरता है। पहले ये पेट में पहुंचता और फिर धीरे-धीरे छोटी आंत में चला जाता है। छोटी आंत पानी को खून में अवशोषित कर लेती है। खून में मिला पानी किडनी तक पहुंचता है और जरूरत से ज्यादा पानी पेशाब के जरिए बाहर निकल जाता है। इस तरह पानी हमारी बॉडी के सभी अंगों का पोषण करता है। आमतौर पर दिन भर में 2–3 लीटर पानी शरीर के लिए फायदेमंद है।
आप जानते हैं कि पानी सेहत के लिए फायदेमंद तो है लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी का सेवन आपकी सेहत को बिगाड़ भी सकता है। अगर जरूरत से ज्यादा पानी का सेवन किया जाए तो वाटर इंटॉक्सिकेशन हो सकता है। इसमें खून में सोडियम का स्तर गिर जाता है, जिससे सिर दर्द, चक्कर, उल्टी और गंभीर मामलों में दौरे तक आ सकता हैं।
अक्सर देखा गया है कि लोग सुबह उठते ही भर-भर कर पानी पीते हैं। कुछ लोग भूख मिटाने के लिए और बॉडी को फायदा पहुंचने के मकसद से इतना पानी पी लेते हैं कि उनका पेट फूलकर कुप्पा बन जाता है। आप जानते हैं कि पानी का इस तरह से ज्यादा सेवन आपकी सेहत के लिए खतरा है। बासी मुंह ज्यादा पानी पीने से कई परेशानियां बढ़ सकती हैं।
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट आचार्य बालकृष्ण ने बताया पानी बॉडी के लिए जितना जरूरी है उतना ही उसका सेवन करें। इसका ज्यादा सेवन करने से आपको फायदा नहीं बल्कि नुकसान हो सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि पानी का सेवन कितना करना पर्याप्त है और ज्यादा पानी सेहत को कैसे नुकसान पहुंचाता है।
पानी का कितना सेवन करना पर्याप्त है?
सुबह उठकर पानी पीना फायदेमंद है लेकिन इतना ज्यादा नहीं कि आपका पेट बाहर आने लगे। आचार्य बालकृष्ण ने बताया अगर आप खाली पेट पानी का सेवन करना चाहते हैं तो 300 से 400 या फिर 500 ml तक पानी का सेवन सेहत के लिए पर्याप्त है। इतना पानी पीने से पाचन दुरुस्त रहता है और बॉडी हाइड्रेट रहती है। रोज खाली पेट एक गिलास पानी आपको 10 से 12 घंटे तक होने वाली बॉडी में पानी की कमी को पूरा करता है। आप सुबह के समय एक गिलास से तीन गिलास तक पानी पी सकते हैं। एक्सपर्ट ने बताया बॉडी की जरुरत को ध्यान में रखकर ही पानी पीना चाहिए।
ज्यादा पानी पीने से सेहत को कौन से नुकसान हो सकते हैं?
ज्यादा पानी का सेवन करने से ब्लड में सोडियम की कमी हो सकती है जिसे हाइपोनेट्रेमिया कहा जाता है। इस स्थिति में खून में नमक का स्तर घट जाता है और बॉडी में कई तरह की परेशानियां जैसे सिर दर्द, उल्टी, थकान, भ्रम या चक्कर आने जैसी परेशानी हो सकती है।
किडनी पर पड़ता है दबाव
ज्यादा पानी का सेवन करने से किडनी को लगातार अतिरिक्त पानी बाहर निकालने के लिए ज़्यादा मेहनत करनी पड़ती है। लम्बे समय तक पानी पीने की ये आदत बनी रहे तो किडनी कमजोर हो सकती है।
बार-बार पेशाब आ सकता है
अगर आप ज्यादा पानी पीते हैं तो आपको बार बार यूरिन डिस्चार्ज करने की समस्या हो सकती है। रात में आपको पेशाब करने के लिए कई बार उठना पड़ सकता है। शरीर के इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन का खतरा बढ़ सकता है।
पेट फूलना और बदहजमी
एकदम ज्यादा पानी पीने से पेट भारी और भरा-भरा महसूस होता है। पाचन एंजाइम पतले हो जाते हैं, जिससे खाना ठीक से पच नहीं पाता।
ब्रेन और हार्ट पर असर
ज्यादा पानी पीने से कोशिकाओं में पानी ज़्यादा भरने लगता है जिससे दिमाग पर दबाव बढ़ सकता है। ज्यादा पानी का सेवन करने से दिल को भी ब्लड सर्कुलेशन के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।
सिगरेट और तंबाकू ने सफेद दांतों को कर दिया है पीला, ये 4 तरीके करेंगे रंगत सुधारने में मदद, डेंटिस्ट ने बताया तरीका। आप भी अपने दांतों को चमकाना चाहते हैं तो दांतों के डॉक्टर के इन तरीकों को अपनाने के लिए लिंक पर क्लिक करें।