आज की अनहेल्दी लाइफस्टाइल में खराब खानपान के कारण दांतों से जुड़ी समस्याएं काफी अधिक होने लगी हैं। इनमें से ही एक है दांतों में कीड़े लगना। दांतों में कीड़े लगने के कारण तेज दर्द होता है। बता दें, जब दांतों की सतह नष्ट हो जाती है, तो उसमें छोटे-छोटे छेद हो जाते हैं, इस स्थिति को दांतों में कीड़ा लगना कहा जाता है। इसके कारण दांत पीले पड़ जाते हैं और उनसे बदबू आने लगती है। ऐसे में आपको तुरंत अच्छे डेंटिस्ट की सलाह लेनी चाहिए।
लेकिन अगर दांतों की स्थिति ज्यादा खराब नहीं हुई है, तो आप घरेलू उपायों के जरिए भी कीड़े से अपने दांतों को बचा सकते हैं।
-लौंग का तेल: दांतों के कीड़े से निजात पाने के लिए लौंग का तेल काफी लाभदायक है। क्योंकि, इसमें एन-हेक्सेन नाम का तत्व पाया जाता है। यह तत्व मुंह के बैक्टीरिया को खत्म करने में कारगर है। इसके लिए आप रात में लौंग के तेल को रूई में भिगोकर अपने दांतों में लगाकर सो जाएं। सुबह उठकर कुल्ला कर लें।
-नीम: नीम में एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-बैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं, जो कीड़े को पैदा करने वाले बैक्टीरिया को दूर करने में कारगर हैं। इसमें मौजूद एंटी-माइक्रोबियल गुण दांतों के कीड़े से छुटकारा दिलाने में सक्षम हैं। ऐसे में रोजाना अपने दांतों पर नीम की टहनी से मजास करें। करीब 10 से 15 मिनट तक मसाज करने के बाद कुल्ला कर लें।
-लहसुन: दांतों के इलाज के लिए हजारों सालों से लहसुन का इस्तेमाल किया जा रहा है। क्योंकि, यह मुंह के खराब बैक्टीरिया का सफाया करता है। साथ ही दर्द से छुटकारा भी दिलाता है। इसके लिए लहसुन के एक टुकड़े को पीस लें फिर उसमें थोड़ा-सा पानी मिला लें। इस पेस्ट में थोड़ा-सा नमक भी मिला लें। इस पेस्ट को अपने दांतों में लगाएं। इस उपाय से आप अपने दांतों की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।
-मुलेठी: आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति में मुलेठी का इस्तेमाल सदियों से किया जा रहा है। मुलेठी में एंटी-माइक्रोबियल गुण पाए जाते हैं। ऐसे में आप मुलेठी की जड़ का पाउडर बना लें। फिर इससे रोजाना दिन में दो बार ब्रश करें। यह कीड़ों को दूर कर, मुंह को स्वस्थ बनाने में मदद करती है।