प्राचीन काल से ही दूध के सेवन को सेहत के लिय फायदेमंद माना गया है। कई शोध में इस भी बात की पुष्टि हो चुकी है कि दूध में शरीर के लिए ढेर सारे पोषक तत्व पाए जाते हैं। वहीं दूध में पाया जाने वाला कैल्शियम हमारे शरीर को हेल्दी रखने में मददगार है। आयुर्वेद के मुताबिक दूध में हल्दी डालकर पीने से बहुत सारी मौसमी बीमारियों से निजात पाया जा सकता है।
आमतौर पर दूध के सेवन को लेकर लोगों को जानकारी नहीं होती हैं, यहां तक कि लोग नमकीन पराठा के साथ भी दूध का सेवन करते हैं। इसके अलावा कुछ लोग तो दूध पीने बाद नमकीन खाद्य पदार्थ खाते हैं। अधिकतर मामलों में दूध के साथ किसी भी तरह की चीजों का सेवन करते हैं, इसलिए दूध के साथ किन चीजों का सेवन किया जाए हमें इसकी जानकारी भी होनी चाहिए। दूध के साथ गलत चीजों के सेवन करने से हमारे स्वास्थ्य को फायदा की जगह नुकसान पहुंच सकता है। आइए जानते हैं कि दूध का सेवन करते समय किन बातों का ख्याल रखें-
दूध के साथ क्या-क्या नहीं खाना चाहिए?
नमकीन या नमक वाली चीजें: आयुर्वेद में दूध और नमक को एक दूसरे का दुश्मन माना गया है। आयुर्वेद के मुताबिक नमक, दूध को विषैला बनाता है और यह शरीर में घुलकर त्वचा संबंधी रोगों को जन्म देता है। इसलिए दूध के साथ या रात को खाना खाने के तुरंत बाद नमकीन चीजें नहीं खानी चाहिए। वहीं अगर नमक खाया है तो करीब 2 घंटे बाद दूध का सेवन करें।
उड़द की दाल: स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक दूध के साथ उड़द की दाल का सेवन करने से बचना चाहिए, इसके साथ इनमें नमक या अम्लीय पर्दाथ मिला हो तो दूध बिल्कुल नहीं पीना चाहिए। इसके अलावा खट्टी चीजें या खट्टे फल खाने के बाद दूध नहीं पीना चाहिए।
मांस और दही के साथ न लें दूध: मछली खाने के बाद जो लोग दूध का सेवन करते हैं उन्हें सावधान रहने की जरूरत है, चूंकि इसके कारण फूड पॉइजनिंग होने की आशंका रहती है। इसी तरह दही के सेवन के बाद दूध पीना वर्जित माना गया है। आयुर्वेद के मुताबिक दही खाने के तुरंत बाद दूध के सेवन से पाचन में गड़बड़ी हो सकती है। दूध के पोषक तत्व शरीर को नहीं मिलते।
रात को दूध पीने से क्या होता है?
शोध के मुताबिक रात के समय एक गिलास गर्म दूध पीने से अच्छी नींद आती है। दरअसल दूध में मौजूद ट्रीप्टोफन नामक अमीनो एसिड, नींद के हार्मोन स्तर को बढ़ाने में मदद करता है। यह हार्मोन दिमाग को शांत करके नींद लाने में मदद करता है। इसके अलावा इसमें मौजूद प्रोटीन, लेक्टियम तनाव और रक्तचाप को कम कर मांसपेशियों को आराम देने के साथ कोर्टिसोल के स्तर को कम करने में भी मदद करता है।
दूध के साथ कौन सा फ्रूट खाना चाहिए?
आयुर्वेद के अनुसार दूध के साथ बहुत से फल खाने पर मनाही है। दूध और केला खाने वाले लोगों को विशेष तौर पर यह खाना बंद कर देना चाहिए। चूंकि आयुर्वेद कहता है कि दूध के साथ केला खाने पर शरीर विषैली हो सकती है, जिसके कारण शरीर के कई कार्य बाधित होते हैं। इसके अलावा आयुर्वेद के मुताबिक केला और दूध लेने से शरीर में भारीपन हो सकता है और ब्रेन की एक्टिविटी भी धीमी पड़ सकती है जो बच्चे के लिए बिल्कुल भी ठीक नहीं है।