पेट फूलना या ब्लॉटिंग बेहद आम समस्या है। दरअसल पेट के अंदर एक परत होती है जिसे म्यूकोसा कहते हैं। ये परत छोटी-छोटी ग्रन्थियों से भरी होती है। ग्रन्थियां स्टमक एसिड और पेप्सिन नामक एंजाइम बनाती हैं, जिससे भोजन को पचाने में मदद मिलती है। विशेषज्ञों के मुताबिक आप क्या खाते हैं, कितना खाते हैं, कितनी रफ्तार से खाते हैं, पेट फूलने के पीछे इन्हीं तीन में से कोई वजह जिम्मेदार हो सकती है।

चर्चित गैस्ट्रो डॉक्टर और कानपुर के गैस्ट्रो लिवर हॉस्पिटल से जुड़े डॉ वीके मिश्रा कहते हैं खाने में अधिक नमक, चीनी या तला हुआ खाना पेट फूलने की समस्याओं के साथ वजन को भी बढ़ाता है। इसके अलावा कुछ बीमारियों की वजह से भी पेट फूलता है। जैसे- अल्सरेटिव कोलाइटिस, क्रोहन रोग, अल्सर, इन्फेक्शन इत्यादि। डॉ. मिश्रा आगे कहते हैं कि ज्यादा खाना खाने से भी पेट में गैस और दर्द शुरू हो जाता है। खाना अगर अच्छे से चबा चबाकर न खाएं तो भी गैस की समस्या देखी जाती है।

इसके अलावा इन चीजों से भी पेट फूलने की समस्या अधिक होती है:

गैसी फूड – बीन्स में चाहे राजमा हो या लोबिया, सब्जियों में पत्ता गोभी, फूल गोभी, ब्रोकोली, स्प्राउट्स ये सभी गैसी फूड हैं। इन खाने में एक पदार्थ पाया जाता है जिसे रफ्फीनोज कहते हैं। रफ्फीनोज से अधिक गैस बनती है, जिससे पेट फूलता है।

कब्ज – अगर पेट में कब्ज है, उल्टी, दर्द और पेट फूला हुआ है तो ऐसे में आप तुरंत अपने डॉक्टर से संपर्क करें। लेकिन अगर आपको सालों से होने वाला कब्ज है, तो आपको Laxatives लेनी चाहिए। Laxatives लेने से आपकी आंते साफ होंगी। जिससे पेट दर्द या कब्ज जैसी समस्या दूर होगी।

सिंपल कार्ब्स – जब भी हम खाना खाते हैं उनमें तीन चीजें होती हैं एक कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और फैट। पेट में गैस बनने की वजह सबसे ज्यादा कार्बोहाइड्रेट होता है। आपको कार्ब को भी सावधानी से खाने की जरूरत है। सिंपल कार्ब्स से अधिक पेट फूलते हैं। जैसे मैदा, चीनी, बिस्कुट, ब्रेड इत्यादि।

अधिक फैट – फैट जब खाने की थैली में जाता है, तब अधिक समय लेता है आगे बढ़ने में। आम तौर पर जो भी हम खाते हैं वो तीन से चार घंटे में पच जाता है और आंत में चला जाता है। लेकिन अधिक फैट वाली चीजों के खाने से खाना लंबे समय तक पेट में रहता है और पेट फूलने लगता है।