भारतीय पकवानों की कल्पना बिना घी के नहीं की जा सकती है। भारत में लगभग हर घर में घी का सेवन बड़े चाव के साथ किया जाता है। इससे स्वास्थ्य को कई फायदे भी मिलते हैं। घी खाने से व्यक्ति को स्वस्थ वसा मिलती है, ये शरीर को हेल्दी बनाए रखने में मदद करता है, साथ ही खाने में घी के स्वाद को भी खूब पसंद किया जाता है। हालांकि, आज के समय में बाजार में शुद्ध घी ढूंढना मानो टेढ़ी खीर हो गया है। अधिकतर कारोबारी ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए घी में धड़ल्ले से मिलावट कर रहे हैं। बाजार में शुद्ध घी के नाम पर लोगों को मिलावटी घी बेचा जा रहा है जो सेहत को कई गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में अगर आप भी बाजार से घी खरीदते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। इस लेख में हम आपको एक ऐसा कमाल का तरीका बताने जा रहे हैं, जिसकी मदद से आप घर पर बैठे-बैठे शुद्ध और मिलावटी घी की पहचान कर सकते हैं।
सेहत के लिए कैसे है हानिकारक?
गौरतलब है कि पैसे के लालची लोग अक्सर घी में सस्ते या कम गुणवत्ता वाले पदार्थ मिला देते हैं। घी में ज्यादातर वनस्पति तेल, पिघले हुए मक्खन, एनिमल फैट और हाइड्रोजनेटेड ऑयल की मिलावट की जाती है। ये पदार्थ सेहत को सीधे तौर पर नुकसान पहुंचाने का काम करते हैं। मिलावटी घी खाने से बॉडी में बैड कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ने लगती है। ये धीरे-धीरे नसों के अंदरूनी हिस्सों में जमकर ब्लड सर्कुलेशन को प्रभावित करता है। वहीं, ज्यादा मात्रा में होने पर ये शरीर के किसी भी भाग की धमिनयों को ब्लॉक कर हार्ट अटैक, हार्ट फेलियर, स्ट्रोक या पैरालाइसिस जैसी जानलेवा बीमारियों का कारण भी बन सकता है। ऐसे में आप जो घी खा रहे हैं, उसकी जांच करना बेहद जरूरी हो जाता है।
इसी कड़ी में इन तमाम परेशानियों और मिलावटी घी की पहचान करने के लिए भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी FSSAI ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक कमाल का तरीका शेयर किया है। आइए जानते हैं इसके बारे में-
कैसे करें असली और नकली घी की पहचान?
- इसके लिए सबसे पहले एक टेस्ट ट्यूब या किसी कांच के गिलास में लगभग दो चम्मच पिघला हुआ घी लें।
- अब इसमें 1/2 चम्मच नमक और एक या दो बूंद हाइड्रोक्लोरिक एसिड की मिला लें।
- इसके बाद गिलास या टेस्ट ट्यूब को अच्छे से हिलाएं।
- सब चीजें आपस में मिक्स होने के बाद इसे 20 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें।
- अगर तय समय बाद घी का रंग बदला हुआ दिखता है, तो समझ जाइए कि उसमें मिलावट की गई है। इसका सेवन करने से बचें।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।