Egg benefits in winter: सर्दियों का मौसम अपने साथ ठंडी हवाएं, वायरल इंफेक्शन और थकान लेकर आता है। ऐसे में शरीर को गर्माहट, ऊर्जा और मजबूत इम्युनिटी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। अंडा एक ऐसा सुपरफूड है, जिसे आयुर्वेद और आधुनिक विज्ञान दोनों ही प्रोटीन और कैल्शियम का बेहतरीन स्रोत मानते हैं। इसके अलावा अंडे में विटामिन A, D, E, B2, B5, B12 के साथ-साथ फॉस्फोरस, सेलेनियम, जिंक और आयरन जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यही कारण है कि अंडा हड्डियों, मांसपेशियों, त्वचा और बालों सबके लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। खासकर सर्दियों में अंडे का सेवन बेहद लाभकारी माना जाता है। सर्दियों में अगर अंडे का सही तरीके से सेवन किया जाए, तो यह शरीर को गर्म रखता है, बीमारियों से बचाता है और पूरे दिन बॉडी को एक्टिव बनाए रखता है। ऐसे में आइए आज हम आपको इस लेख में बताते हैं कि सर्दियों में अंडा कब और कैसे खाना चाहिए और इसके कौन-कौन से फायदे हैं।
अंडा कब खाना चाहिए?
हेल्थलाइन के मुताबिक अंडे का सेवन सुबह के नाश्ते में करना सबसे अच्छा माना जाता है। सुबह के समय हमारा मेटाबॉलिज्म एक्टिव रहता है और शरीर को प्रोटीन पचाने का पूरा समय मिलता है। वर्कआउट के बाद अंडे खाना भी फायदेमंद होता है क्योंकि यह मांसपेशियों को तुरंत रिकवरी देता है। इसके अलावा रात के समय अंडा खाने से बचना चाहिए क्योंकि ये भारी लगता है जिससे पाचन पर इसका बुरा असर पड़ सकता है।
अंडा किन चीजों के साथ खाएं?
अंडे को हल्दी और घी के साथ खाना बेहद फायदेमंद माना जाता है। घी शरीर में अंडे के पोषक तत्वों के अवशोषण को बढ़ाता है, जबकि हल्दी उसकी पौष्टिकता को दोगुना कर देती है। इसके अलावा काली मिर्च भी अंडे के गुणों को बढ़ाती है और स्वाद भी बेहतर बनाती है। इसके अलावा अंडे का सेवन गुड़ के साथ भी कर सकते हैं। अंडे और गुड़ का कॉम्बिनेशन सर्दियों में बेहद फायदेमंद माना जाता है। अंडे में मौजूद हाई-क्वॉलिटी प्रोटीन शरीर की मांसपेशियों को मजबूत बनाता है, जबकि गुड़ में पाया जाने वाला आयरन खून की कमी को दूर करने में मदद करता है। यह दोनों मिलकर शरीर में हीमोग्लोबिन बढ़ाते हैं, जिससे कमजोरी दूर होती है और इम्युनिटी बढ़ती है। लेकिन ध्यान रहे कि अंडे का सेवन सही समय और सही तरीके से करना बेहद जरूरी है। गलत समय पर अंडा खाने से फायदा कम और नुकसान ज्यादा हो सकता है।
अंडे खाने के फायदे
- अंडा प्रोटीन से भरपूर होता है, जो मांसपेशियों की ग्रोथ और बॉडी रिपेयर में मदद करता है।
- अंडे में विटामिन डी, बी12, फोलिक एसिड, जिंक और आयरन जैसे पोषक तत्व भरपूर मिलते हैं। विटामिन डी ठंड में हड्डियों और इम्युनिटी के लिए बहुत फायदेमंद है।
- अंडा पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, जिससे ज्यादा खाने की इच्छा कम होती है और वजन नियंत्रित रहता है।
- अंडे में मौजूद कोलीन दिल को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
- ठंड के मौसम में अंडा शरीर को गर्म रखता है और जिंक-विटामिन डी के कारण सर्दी-जुकाम के खतरे को कम करता है।
- अंडे में मौजूद विटामिन ई और डी स्किन को ग्लोइंग और बालों को मजबूत बनाते हैं।
इन बातों का रखें ख्याल
अंडे जितने फायदेमंद होते हैं, उतने ही कुछ लोगों के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकते हैं। जिन लोगों को दिल से जुड़ी बीमारी, हाई कोलेस्ट्रॉल या ब्लड प्रेशर की समस्या है, उन्हें अंडे का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए। वहीं, कुछ लोगों को अंडे से एलर्जी की समस्या हो सकती है, जिसमें स्किन रिएक्शन, पेट खराब होना या सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं दिखाई दे सकती हैं। ऐसे लोग अंडा खाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
