Salt Side Effects: जिस तरह किसी दो व्यक्तियों का व्यक्तित्व और सोच एक समान नहीं हो सकता है। ठीक वैसे ही लोगों का खानपान भी अलग होता है। जहां कोई मीठा पसंद करता है, तो किसी को चटपटा खाना ज्यादा लजीज लगता है। पर यही खानपान किसी व्यक्ति के स्वास्थ्य को भी निर्धारित करती है। जो लोग कम मसालेदार और घर का बना खाना खाते हैं, वो बाहर खाने वाले और जंक फूड का अधिक सेवन करने वाले लोगों की तुलना में ज्यादा स्वस्थ रहते हैं। इसके अलावा, खाने की मात्रा भी सही होनी चाहिए। डाइट में लोग कितनी मात्रा में नमक का सेवन करते हैं, ये भी स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। ज्यादा नमक खाने वाले लोगों को कई बीमारियां अपनी चपेट में ले लेती है। आइए जानते हैं विस्तार से –
दिल और दिमाग की बीमारियों का बढ़ता है खतरा: ज्यादा सोडियम खाने से आर्टरीज मोटी हो जाती हैं, इस कारण दिल की धड़कन बढ़ जाती है। दिल में जब रक्त प्रवाह ठीक तरीके से नहीं हो पाता है, तो इससे कई हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, इससे स्ट्रोक आने की संभावना भी अधिक हो जाती है क्योंकि ज्यादा सोडियम जब शरीर में रहता है तो ब्लड फ्लो प्रभावित होती है। ऐसे में दिमाग तक खून नहीं पहुंच पाता और लोग स्ट्रोक की चपेट में आ जाते हैं।
ये अंग भी होते हैं प्रभावित: ज्यादा नमक से हाई बीपी का खतरा होता है, इससे लोगों की आंखों की रोशनी भी प्रभावित होती है। वहीं, शरीर में सोडियम की मात्रा अधिक होगी तो इससे फैटी लिवर की परेशानी भी हो जाती है। इस कारण लिवर के आसपास फैट जमा हो जाता है, सूजन भी आ जाती है। वहीं, किडनी की कार्यक्षमता पर भी बुरा असर पड़ता है और वो फिल्टर करने में असमर्थ हो जाती है।
इतनी होनी चाहिए नमक की खुराक: इन बीमारियों को दूर करने के लिए जरूरी है कि लोग नमक का सेवन कम कर दें। हालांकि, शरीर में सोडियम की मात्रा में कमी भी कई बीमारियों का कारण बन सकती हैं। ऐसे में जरूरी है कि शरीर में न तो सोडियम की अधिकता होनी चाहिए और न ही कमी। इसलिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह है कि 2300 मिलीग्राम से अधिक नमक नहीं खाना चाहिए। किसी भी स्वस्थ इंसान के लिए अपने दैनिक आहार में 4 से 5 ग्राम नमक खाना पर्याप्त है।