Early Dinner Health Benefits: आज की भागती-दौड़ती जिंदगी में समय कैसे बीतता है, ये पता ही नहीं चलता है। ऐसे में फिक्स्ड दिनचर्या को फॉलो करने में लोगों को परेशानी हो जाती है। कई बार काम करते-करते रात हो जाती है जिसके कारण लोगों को खाने में भी कभी-कबार देरी हो जाती है। हालांकि, लोग इसे बेहद हल्के में लेते हैं, लेकिन रात का खाना देर से खाने से सेहत पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसलिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को रात के 8 बजे तक खाने की सलाह देते हैं ताकि डिनर और सोने के बीच करीब 2 से 3 घंटों का अंतर रहे। आइए जानते हैं विस्तार से –
क्यों दी जाती है जल्दी खाने की सलाह: जब लोग बिस्तर पर जाने के 2 से 3 घंटे पहले भोजन करते हैं तो उससे शरीर का मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है। इससे खाने को पूरी तरह से पचने का समय मिलता है। साथ ही, रात में एसिड रिफ्लक्स यानी एसिडिटी का खतरा नहीं रहता है। माना जाता है कि रात के डिनर के और अगली सुबह के नाश्ते के बीच कम से कम 11 से 12 घंटों का अंतर रहना चाहिए। इससे डाइजेशन बेहतर होता है।
देर राते खाने के नुकसान: लोग अगर रात को देर से खाना खाते हैं तो भोजन में मौजूद कैलोरीज ठीक से पच नहीं पाता है। इससे शरीर में फैट जमा हो जाता है। अगर रोजाना लोग देरी से खाना खाते हैं तो इससे लोगों में वजन बढ़ने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा, इन लोगों को अपच और सीने में जलन की समस्या भी हो सकती है। एक अध्ययन के मुताबिक जो लोग समय से खाना खाते हैं उनमें कैंसर का खतरा कम होता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक 2 घंटे पहले खाना खाने वाले पुरुषों में प्रोस्टेट कैंसर का खतरा 26 फीसदी और महिलाओं में स्तन कैंसर 16 परसेंट तक कम होता है।
जल्दी डिनर करने के फायदे: समय पर भोजन करने से ब्लड शुगर नियंत्रित रहता है। इतना ही नहीं, जल्दी डिनर से शरीर में पर्याप्त ऊर्जा बनी रहती है। सोने के 2 घंटे पहले खाना खा लेने से गैस, पेट फूलने, इनडाइजेशन और सीने में जलन की परेशानी से भी निजात मिलती है।

