Benefits Of Organic Food: आज की व्यस्त जीवनशैली और तेजी से बढ़ती जनसंख्या के बीच खानपान पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। बढ़ती महंगाई और घटते स्त्रोतों के कारण खाने की गुणवत्ता पर काफी असर पड़ रहा है। हम पेट भरने के लिए खाते तो हैं, लेकिन इसमें पौष्टिकता कितनी है। इस बात को बिल्कुल नजरअंदाज कर देते हैं। आज के समय में मार्केट में अधिकांश खाद्य पदार्थ रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों से भरे होते हैं, जो हमारी सेहत पर तुरंत ही नहीं बल्कि लंबे समय तक नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे में जरूरी है कि आप जो खा रहे हैं वो पूरी तरह से ऑर्गेनिक फूड होना चाहिए। आइए जानते हैं आर्गेनिक फूड्स खाने से क्या स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं….

जैविक खाद्य पदार्थ क्या हैं? (What Is Organic Food)

जैविक खाद्य पदार्थ वे खाद्य पदार्थ हैं, जो पूरी तरह से प्राकृतिक तरीके से उगाए जाते हैं। इनमें रासायनिक उर्वरकों, कीटनाशकों और सिंथेटिक पदार्थों का उपयोग नहीं होता। इनका उत्पादन जैविक कृषि विधियों के माध्यम से किया जाता है, जो मिट्टी की गुणवत्ता, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य का ध्यान रखती हैं।

केमिकल युक्त फूड्स हो सकते हैं जानलेवा

अगर आप केमिकल युक्त फूड्स का इस्तेमाल करते हैं, तो यह आपके शरीर के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। लंबे समय तक इनकी छोटी-छोटी मात्राएं भी शरीर में जमा होकर ये केमिकल कैंसर, हॉर्मोनल असंतुलन से लेकर इम्यूनिटी को कमजोर कर सकते हैं। ऐसी ही कई बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं।

आर्गेनिक फूड खाने के फायदे

कीटनाशकों से बचाव

आर्गेनिक फूड्स का सबसे बड़ा लाभ यह है कि वे कीटनाशकों से मुक्त होते हैं। नियमित रूप से जैविक भोजन का सेवन करने से आपके शरीर में जहरीले रसायनों का स्तर कम होता है, जिससे आपका स्वास्थ्य बेहतर बना रहता है।

पोषक तत्वों से भरपूर

आर्गेनिक फूड्स में भरपूर मात्रा में विटामिन्स, मिनरल्स और एंटीऑक्सिडेंट की मात्रा अधिक होती है। ये पोषक तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं और शरीर को रोगों से लड़ने में सक्षम बनाते हैं।

हार्मोनल संतुलन में सुधार

रसायनों से युक्त भोजन हॉर्मोनल असंतुलन का एक बड़ा कारण बन सकता है। जैविक खाद्य पदार्थ इन खतरों से मुक्त होते हैं और आपके शरीर के हार्मोनल संतुलन को बनाए रखने में मदद करते हैं।

पाचन तंत्र के लिए बेहतर

आर्गेनिक फूड्स में अधिक मात्रा में फाइबर होता है, जो पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद है। ये आपकी आंतों की सफाई करते हैं और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाते हैं।

लाइफस्टाइल में ऐसे शामिल करें आर्गेनिक फूड्स

स्थानीय किसानों से खरीदारी करें

आर्गेनिक फूड्स को सीधे स्थानीय किसानों से खरीदें। इससे न केवल आपको ताजा और शुद्ध भोजन मिलेगा, बल्कि स्थानीय कृषि को भी बढ़ावा मिलेगा।

आर्गेनिक फूड के प्रमाणपत्र की जांच करें

जैविक खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनके प्रमाणपत्र अवश्य जांचें। इससे यह सुनिश्चित होगा कि आप असली जैविक उत्पाद खरीद रहे हैं।

बागवानी को अपनाएं

यदि संभव हो, तो अपने घर पर जैविक सब्जियां और फल उगाएं। यह न केवल ताजा भोजन उपलब्ध कराएगा, बल्कि पर्यावरण के प्रति आपकी जिम्मेदारी को भी बढ़ाएगा।

अतुल्य कृषि वन के संस्थापक श्री अतुल अग्रवाल से बातचीत पर आधारित