बरसात का मौसम है और इस मौसम में सबसे ज्यादा मक्खी और मच्छरों से पनपने वाली बीमारियां परेशान करती हैं। बरसात में डेंगू,मलेरिया और चिकनगुनिया का खतरा ज्यादा रहता है। डेंगू लोगों को सबसे ज्यादा परेशान करता है। डेंगू की बीमारी मादा एडीज मच्छर के काटने से होती है जिससे हर साल लाखों लोग प्रभावित होते हैं। इस वायरस की चपेट में आने से मरीज को तेज बुखार होता है, हाथ-पैरों और सिर दर्द की शिकायत होती है। डेंगू बुखार से बचाव का कोई टीका या दवा नहीं है सिर्फ बचाव ही इस बीमारी से बचने का तरीका है।

डेंगू बुखार होने पर बॉडी में कुछ लक्षण दिखते हैं जैसे तेज बुखार, मतली, उल्टी, कमजोरी, थकान, भूख न लगने जैसे लक्षण दिखते हैं। डेंगू में संक्रमित व्यक्ति को प्लेटलेट्स कम होने का भी सामना करना पड़ता है। इस बीमारी का तुरंत इलाज नहीं किया जाए तो यह कभी-कभी खतरनाक और जानलेवा भी हो सकती है। आइए जानते हैं कि डेंगू का इलाज करने में प्लेटलेट्स कैसे असरदार है और इन्हें नेचुरल तरीके से कैसे बढ़ा सकते हैं।

डेंगू से प्रभावित व्यक्ति में प्लेटलेट्स की क्या भूमिका है?

हेल्थलाइन के मुताबिक डेंगू बुखार में प्लेटलेट्स तेजी से कम होने लगते हैं ऐसे में अगर पहले ही डाइट का ध्यान रखा जाए तो बॉडी में होने वाली इस समस्या से बचा जा सकता है।  डेंगू से पीड़ित लोगों में प्लेटलेट्स महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्लेटलेट्स बॉर्न मैरो में रक्त कोशिकाएं हैं। एक स्वस्थ व्यक्ति में 1.5 लाख से 4 लाख तक ब्लड प्लेटलेट्स होते हैं। डेंगू के कारण प्लेटलेट काउंट में कमी हो सकती है, जिससे थ्रोम्बोसाइटोपेनिया नामक स्थिति उत्पन्न हो सकती है। प्लेटलेट्स ब्लड के थक्के जमने के लिए जिम्मेदार होते हैं। कम प्लेटलेट काउंट से रक्तस्राव का खतरा बढ़ सकता है। डेंगू का इलाज करने में प्लेटलेट्स पर ध्यान रखना जरूरी है।

प्लेटलेट्स ब्लड में पाए जाने वाले कोशिकाओं के छोटे टुकड़े होते हैं जिनका काम ब्लड का थक्का जमना और ब्लीडिंग को कंट्रोल करना है। रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचने से प्लेटलेट्स गुच्छे बनाते हैं और ऐसे पदार्थ छोड़ते हैं जो थक्का बनाने में मदद करते हैं। इस थक्के की वजह से ही घाव जल्दी भरते हैं।

नेचुरल तरीके से प्लेटलेट्स काउंट बढ़ाएं

पपीते का करें सेवन

पपीता और पपीते के पत्तें औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं। इनका सेवन करने से नेचुरल तरीके से प्लेटलेट्स काउंट बढ़ता है। पपीते के पत्तों में पपैन और काइमोपपैन एंजाइन मौदूग होते हैं जो ब्लड वैसल्स का निर्माण करते हैं और तेजी से प्लेटलेट्स बढ़ाते हैं। कच्चे पपीते का सेवन उसकी सब्जी बनाकर करें और पपीते के पत्तों की चाय पिएं तो आसानी से और तेजी से प्लेटलेट्स बढ़ा सकते हैं।

चुकंदर का करें सेवन

चुकंदर एक ऐसी सब्जी है जिसका सेवन करने से प्लेटलेट्स काउंट तेजी से बढ़ता है। एंटीऑक्सीडेंट और हेमोस्टेटिक तत्वों से भरपूर चुकंदर नेचुरल तरीके से प्लेटलेट्स काउंट को बढ़ाता है। आप रोजाना चुकंदर का सेवन उसका चाट बनाकर और उसका जूस निकाल कर कर सकते हैं।

कीवी खाएं

विटामिन सी से भरपूर कीवी का सेवन करने से प्लेटलेट्स काउंट बढ़ाने में मदद मिलती है। विटामिन सी और एंटी ऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर ये फल रेड ब्लड सेल्स का निर्माण करता है और इम्युनिटी को भी स्ट्रांग करता है।

नारियल पानी पिएं

डेंगू बुखार में डिहाइड्रेशन की परेशानी सबसे ज्यादा होती है ऐसे में अगर आप रोजाना नारियल पानी पिएं तो डिहाइड्रेशन से बचाव होता है। बॉडी को पर्याप्त इलेक्ट्रोलाइट्स मिलते हैं और प्लेटलेट्स में भी बढ़ोतरी होती है।

अनार खाएं

लाल सुर्ख अनार का सेवन करने से बॉडी को भरपूर आयरन मिलता है। इम्युनिटी स्ट्रांग होती है और प्लेटलेट्स काउंट में बढ़ोतरी होती है।