पपीता एक कमाल का फल है जो पूरे साल मिलता है। इस फल का सेवन कच्चा और पक्का हुआ दोनों तरह से किया जाता है। कच्चे पपीते का सेवन सब्जी बनाकर तो पक्का पपीता फ्रूट्स के रूप में चाट बनाकर खाया जाता है। ये फल औषधीय गुणों से भरपूर होता है जो हमारी गट हेल्थ को दुरुस्त करने में असरदार साबित होता है। पपीते का मीठा स्वाद न सिर्फ खाने में मजेदार लगता है बल्कि ये कई बीमारियों का भी इलाज करता है।
पपीते में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें विटामिन ए, विटामिन सी और विटामिन ई जैसे एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो दिल के रोगों से बचाव करते हैं। एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर ये फल कोलेस्ट्रॉल के ऑक्सीकरण को रोकता हैं। जब कोलेस्ट्रॉल का ऑक्सीकरण होता है तो इससे ब्लड सप्लाई बाधित होती है जिससे दिल के रोगों का खतरा बढ़ता है।
भारतीय योग गुरु, लेखक, शोधकर्ता और टीवी पर्सनालिटी डॉक्टर हंसा योगेंद्र ने बताया पपीता पेट की औषधि है। पपीते में मौजूद पपेन एंजाइम पाचन से जुड़ी परेशानियों जैसे कब्ज का इलाज करता है। इसका सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है और पुरानी से पुरानी कब्ज दूर होती है। इसका सेवन करने से आंतों में जमा गंदा मल बाहर निकल जाता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि पपीता का सेवन करने से पाचन के साथ ही और कौन-कौन से फायदे होते हैं।
पपीता कैसे पाचन को करता है दुरुस्त और सूजन करता है कंट्रोल
पपीते में दो एंजाइम होते हैं एक पपेन और काइमोपैपेन। दोनों एंजाइम प्रोटीन को पचाते हैं यानी ये पाचन में मदद कर सकते हैं और सूजन को कंट्रोल करते हैं। पेट में होने वाली कब्ज और पाचन से जुड़ी दूसरी परेशानियों को दूर करने के लिए आप पपीते का सेवन नींबू के साथ चाट बनाकर कर सकते हैं। पपीते में मौजूद पपैन और काइमोपैपेन दोनों सूजन को भी कंट्रोल करने में असरदार साबित होते हैं। इसका सेवन करने से सीने में जलन कम होती है पेट दर्द से राहत मिलती है।
इम्यूनिटी होती है स्ट्रांग
विटामिन सी से भरपूर पपीते का सेवन करने से इम्यूनिटी स्ट्रांग होती है। इसका सेवन करने से शरीर को बैक्टीरिया और वायरल बीमारियों से लड़ने में मदद मिलती है। पपीते में एंटीऑक्सीडेंट की मात्रा ज्यादा होती है जो स्ट्रांग इम्यूनिटी के लिए जरूरी है।
कब्ज होती है दूर
फाइबर से भरपूर पपीते का सेवन करने से स्टूल लूज होता है जो कब्ज से निजात दिलाने में मदद करता है। रोजाना 250 ग्राम पपीते का सेवन करने से बॉडी को भरपूर फाइबर मिलता है जो कब्ज को तोड़ता है।
बॉडी रहती है हाइड्रेट
पपीते में पानी भरपूर मौजूद होता है जो बॉडी को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। ये फल गर्मी से लेकर सर्दी तक के लिए बेहद उपयोगी है। फाइबर और पानी का ये कॉम्बिनेशन पेट के लिए वरदान साबित होता है।