कुदरत ने हमें हर सीजन में कुछ न कुछ उपयोगी फल दिए हैं जो हमारा उस मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव करते हैं और ढाल का काम करते हैं। गर्मी में फलों का सेवन सेहत के लिए बेहद उपयोगी होता है। इस मौसम में तरह-तरह के फल जैसे आम,सेब, खरबूजा,तरबूज,लीची,खुबानी,आड़ू और अनार भरपूर मौजूद होता है। ये सभी फल तकरीबन दो से तीन महीने मिल जाते हैं। गर्मी के जिस खास फल की आज हम बात कर रहे हैं उसका नाम है फालसा। ये एक ऐसा फल है जो गर्मी में सिर्फ 15 से 20 दिनों तक मिलता है। फालसा बैंगनी रंग का छोटा सा फल होता है जो स्वाद में खट्टा-मीठा और बॉडी को ठंडक देने वाला होता है। आयुर्वेद में इस फल को गर्मी से निजात पाने वाला फल बताया गया है।

आयुर्वेदिक एक्सपर्ट नित्यानंदम श्री बताया फालसा एक ऐसा फल है जो गर्मी में होने वाली बीमारियों जैसे पीलिया, गर्मी,बुखार और यूरिन से जुड़ी परेशानियों का इलाज करता है। गर्मी में अक्सर लू लगने की समस्या लोगों को तंग करती है और पीलिया परेशान करता है ऐसे में अगर इस फल का सेवन किया जाए तो सेहत को फायदा होता है। गर्मी में भूख मर जाती है,मुंह का स्वाद बिगड़ने लगता है और गर्मी ज्यादा लगती है। इस मौसम में फालसा का सेवन करके गर्मी में होने वाली सभी बीमारियों से बचाव होता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि फालसा का सेवन करने से सेहत पर कैसा असर होता है।

पीलिया का करता है इलाज

गर्मी में फालसा का सेवन करने से गर्मी के रोगों से बचाव होता है। पीलिया (jaundice) एक ऐसी स्थिति है जिसमें शरीर में बिलीरुबिन का स्तर बढ़ जाता है, जिससे स्किन और आंखें पीली दिखने लगती हैं। यह परेशानी लिवर की खराबी के कारण होती है। फालसा में एंटीऑक्सीडेंट और हेपटोप्रोटेक्टीवे गुण पाए जाते हैं जो लिवर की सूजन को कम करते हैं। पीलिया की परेशानी में अगर फालसा का सेवन उसका शरबत बनाकर किया जाए तो गर्मी और डिहाइड्रेशन से बचाव होता है। फालसा का शरबत शरीर को ठंडक देता है और बॉडी को हाइड्रेट रखता है।

पाचन करता है दुरुस्त

गर्मी के इस फल का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है।  फालसा हल्का और पचने में आसान होता है। ये पेट को राहत देता है। इसका सेवन करने से पेट की गर्मी कंट्रोल रहती है।

ब्लड को करता है प्यूरीफाई

फालसा में ब्लड को शुद्ध करने वाले गुण भी मौजूद हैं। ये बॉडी में जमा टॉक्सिन को बाहर निकालता है और रक्त की अशुद्धियों को दूर करता है। इसका सेवन करने से स्किन की रंगत में भी निखार आता है।

यूरीन की बीमारी का करता है इलाज

फालसा को मूत्रवर्धक (diuretic) गुणों वाला फल माना जाता है, जिससे मूत्र की बीमारियों में राहत मिल सकती है। गर्मी में पेशाब से जुड़ी दिक्कतें लोगों को ज्यादा परेशान करती हैं ऐसे में अगर फालसे का सेवन किया जाए तो यूरिन बार-बार आने की परेशानी, यूरिन रुक-रुक कर आने की समस्या का इलाज होता है। गर्मी में इस फल का सेवन करने से पेशाब साफ और नियमित होता है,मूत्र रुकने की समस्या में राहत मिलती है और पेशाब की जलन भी कंट्रोल रहती है।

गर्मी में होने वाली थकान करता है दूर

फालसा का सेवन करने से गर्मी में होने वाली थकान और कमजोरी दूर होती है। फालसा में आयरन होता है जो शरीर को ताकत देता है और कमजोरी से लड़ने में मदद करता है। 15 दिनों तक मिलने वाले इस फल का सेवन गर्मी में रोज करें तो आप गर्मी में पनपने वाली इन बीमारियों से बच सकते हैं। 

Vitamin Deficiencies and Cracked Heels: बॉडी में इन 3 विटामिन की कमी से फटने लगती हैं एड़िया, स्किन सूखकर बन जाती है पापड़, डॉक्टर ने बताया रिकवरी का तरीका। आप भी फटी एड़ियों का इलाज करना चाहते हैं तो इस लिंक पर क्लिक करें और तरीका पढ़ लें।