फूलगोभी एक सब्जी है जो लगभग पूरे साल मिलती है जिसका सेवन आलू-फूलगोभी की सब्जी, फूलगोभी की टिक्की, फूलगोभी मंचूरियन, फूलगोभी का सूप, फूलगोभी का पकोड़ा बनाकर किया जाता है। ये हल्की और स्वादिष्ट सब्जी है जो पोषक तत्वों से भरपूर है। फूलगोभी में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें विटामिन C, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स, फोलिक एसिड, पोटैशियम और कैल्शियम मौजूद होता है जो बॉडी को हेल्दी रखता है। इस सब्जी का सेवन करने से इम्यूनिटी स्ट्रांग होती है और बॉडी का बीमारियों से बचाव होता है। ये सब्जी औषधीय गुणों से भरपूर है जिसका सेवन करने से मोटापा कंट्रोल रहता है और दिल की सेहत दुरुस्त रहती है।
डायबिटीज मरीज इसका सेवन करें तो आसानी से इसे खाने के बाद भी ब्लड शुगर को नॉर्मल रख सकते हैं। इस सब्जी में कैंसर से बचाव करने वाले गुण भी मौजूद हैं। सेहत के लिए उपयोगी इस सब्जी का सेवन करने से कुछ लोगों को पाचन से जुड़ी परेशानी होती है। कुछ लोग गोभी का सेवन करते हैं तो उन्हें गैस की शिकायत होती है और उनका पेट फूलकर कुप्पा बन जाता है। अब सवाल ये उठता है कि क्या सच में गोभी खाने से सभी को गैस बनती है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि क्या सच में फूल गोभी का सेवन करने से पाचन से जुड़ी परेशानी होती है।
फूल गोभी पेट में गैस कैसे बनाती है?
फूल गोभी एक ऐसी सब्जी है जो लगभग पूरे साल मिलती है लेकिन ये सर्दी की फसल है। आयुर्वेदिक एक्सपर्ट नित्यानंदम श्री ने बताया फूलगोभी जिसे संस्कृत में पुष्प गोभी कहा जाता है जिसकी तासीर ठंडी होती है। इसकी ठंडी तासीर ही इसे वायु कारक बनाती है। इसे खाने के बाद पेट में गैस की परेशानी होती है। इसे पचाना थोड़ा मुश्किल होता है। आयुर्वेद के मुताबिक गोभी पचने में भारी है। ये सब्जी अग्नि को मंद करती है। जिनका मेटाबॉलिज्म बूस्ट है उनके लिए ये सब्जी गिफ्ट है लेकिन जिनका मेटाबॉलिज्म स्लो है उनके लिए ये नुकसानदायक है।
मोटे लोगों का मेटाबॉलिज्म स्लो होता है अगर वो इस सब्जी का सेवन पका कर करते हैं तो उन्हें परेशानी होगी। इस सब्जी का रोजाना और लगातार सेवन आपके पाचन को बिगाड़ सकता है। कभी-कभी इस सब्जी का सेवन सूप बनाकर करने से पाचन पर कुछ फर्क नहीं पड़ता। इस सब्जी का सेवन तड़का लगाकर, घी के साथ करने से ये पाचन को नुकसान पहुंचाती है। अनाज के साथ गोभी को खाने से ये सेहत को नुकसान पहुंचाती है।
गोभी कैसे कब्ज का कारण बनती है
गोभी का सेवन करने से कब्ज की शिकायत होती है। जिन लोगों को पहले से ही कब्ज की शिकायत है वो इसका सेवन करने से परहेज करें। जिन लोगों को लूज मोशन रहता है या खाना खाते ही प्रेशर बनता है ऐसे लोग इस सब्जी का सेवन करें तो सेहत को फायदा होता है। जिन लोगों का पित्त बढ़ता है गर्मी बढ़ती है उनके लिए ठंडी तासीर की ये सब्जी बेस्ट है। जिन्हें कफ और वायु बढ़ने की शिकायत है वो इसका सेवन सीमित करें। इसकी ठंडी तासीर लोगों को परेशान करती है।