कब्ज एक ऐसी परेशान करने वाली बीमारी है जिसका लम्बे समय तक बने रहना ना सेहत के लिए ठीक है न ही मन के लिए ठीक है। लम्बे समय तक कब्ज की परेशानी रहने से एनस पर दबाव पड़ता है और पाइल्स की बीमारी बढ़ने का भी खतरा रहता है। कुछ लोगों को कब्ज की बीमारी कुछ दिनों के लिए होती है तो कुछ लोगों को ये बीमारी क्रॉनिक होती है। मौसम में बदलाव होने से,डाइट में फाइबर का कम सेवन करने से,पानी कम पीने से और तनाव की वजह से कब्ज की बीमारी होती है।

कब्ज से परेशान लोग डाइट में बदलाव करें और पानी का अधिक सेवन करें तो आसानी से इस परेशानी का उपचार कर सकते हैं। कब्ज को दूर करने में कुछ फलों का सेवन जादुई असर करता है। फाइबर से भरपूर कुछ फलों का अगर रोज़ाना सेवन किया जाए तो आसानी से कब्ज को दूर किया जा सकता है।

यशोदा अस्पताल, हैदराबाद के वरिष्ठ सलाहकार चिकित्सक डॉ. दिलीप गुडे ने बताया कि नेचुरल तरीके से कब्ज का इलाज करने के लिए आप डाइट में फाइबर का सेवन बढ़ा दें। पाचन तंत्र की समस्याओं का इलाज करने में फलों का सेवन बेहद असरदार साबित होता है। पाचन की समस्या का अगर समय रहते इलाज नहीं किया जाए तो मन खराब रहता है, तनाव बना रहता है,वोमिंटिंग और पेट दर्द जैसी परेशानी बेहद होती है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि फलों का सेवन कैसे कब्ज को दूर करता है और इस परेशानी का उपचार करने के लिए कौन-कौन से फलों का सेवन करना जरूरी है।

फलों का सेवन कैसे कब्ज का उपचार करता है?

एक्सपर्ट के मुताबिक फलों में मौजूद फाइबर कब्ज को रोकने में मदद करता है। डॉ. गुडे ने कहा फलों में भरपूर फाइबर, पानी और विभिन्न पोषक तत्वों मौजूद होते हैं जो पाचन को दुरुस्त करते हैं और मल को सॉफ्ट बनाते हैं। फलों का सेवन करने से कब्ज टूटता है। कुछ फल खासतौर पर हाई फाइबर वाले फल कब्ज को रोकने में मददगार होते हैं। कुछ फलों में घुलनशील और अघुलनशील फाइबर मौजूद होता है जो मल को सॉफ्ट बनाता है और कब्ज से राहत दिलाता है। एक्सपर्ट से जानते हैं कि कौन-कौन से फल कब्ज को तोड़ते हैं।

कब्ज को दूर करने के लिए सेब का करें सेवन

जिन लोगों को कब्ज की परेशानी होती है वो सेब का रोज़ाना सेवन करें। रोज सेब खाने से बॉडी को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और कब्ज की समस्या भी दूर होती है। सेब में भरपूर मात्रा में फाइबर मौजूद होता है जो पाचन को सुधारने में मदद करता है। सेब का सेवन करने से पाचन तंत्र दुरुस्त रहता है और पेट से लेकर आंतों तक की सफाई होती है। कब्ज से परेशान लोग सुबह खाली पेट एक सेब का सेवन करें पाचन पर साफ असर दिखेगा।

नाशपाती का करें सेवन

नाशपाती स्वाद में मीठा और खाने में कुरकुरा एक ऐसा फल है जो फाइबर से भरपूर होता है। यह फल एक सॉफ्ट लैक्सेटिव के रूप में कार्य करता है जो मल त्याग को कंट्रोल करता है और कब्ज से राहत दिलाता है। कब्ज को दूर करने में नाशपाती में मौजूद घुलनशील फाइबर एक जेल जैसा पदार्थ बनाता है जो मल को सॉफ्ट करने में मदद करता है। इस फल का सेवन करने से आंतों के जरिए मल की गति तेज होती है और मल त्यागने में आसानी होती है।

जामुन और कीवी का करें सेवन

कब्ज से परेशान रहते हैं तो आप डाइट में कीवी और जामुन का सेवन करें। खट्टे फलों में पाया जाने वाला घुलनशील और अघुलनशील फाइबर आंतों के जरिए मल की गति को बढ़ाता है और मल डिस्चार्ज करना आसान होता है। विटामिन सी से भरपूर कीवी कब्ज को तोड़ने में बेहद असरदार साबित होती है। कीवी में पाया जाने वाला एक एंजाइम एक्टिनिडिन भी कब्ज को तोड़ने में मदद करता है। कीवी की तरह ही जामुन खाने से डाइजेशन बेहतर होता है और कब्ज की समस्या से निजात मिलती है।