खराब डाइट और बिगड़ते लाइफस्टाइल का सबसे ज्यादा असर हमारे पाचन पर पड़ता है। अनहेल्दी फूड जैसे तला-भुना,मसालेदार खाना, ऑयली फूड और जंक फूड का ज्यादा सेवन करने से पाचन पर सीधा असर पड़ता है। आमतौर पर पेट में गैस खाने या पीते समय हवा निगलने के कारण होती है जो डकार के जरिए पेट से बाहर भी निकल जाती है। लेकिन जब पाचन तंत्र कुछ फूड्स को तोड़कर अवशोषित नहीं कर पाता तो पेट में गैस या ब्लोटिंग हो सकती है। कुछ लोगों को कब्ज की वजह से गैस को रिलीज करना मुश्किल होता है। पेट में ज्यादा गैस की वजह से पेट में दर्द , ऐंठन या पेट भरा हुआ या ब्लोटिंग महसूस होती है।
आप भी गैस और ब्लोटिंग से परेशान हैं तो आयुर्वेदिक एक्सपर्ट नित्यानंदम श्री के सुझाए गए कुछ टिप्स को अपनाएं। एक्सपर्ट के मुताबिक पेट खराब रहता है,हमेशा गैस बनती रहती है,पेट भरा रहता है और आप आलसी महसूस करते हैं तो सबसे पहले आप अपने पाचन पर ध्यान दें। पाचन में समस्या होने का असर तन और मन दोनों पर पड़ता है। एक्सपर्ट ने बताया कि आपकी कुछ गलतियां आपके पाचन को बिगाड़ देती हैं। आइए जानते हैं कि किन 5 कारणों की वजह से पेट में बनती है गैस और बिगड़ता है पाचन।
खाने के साथ पानी का सेवन सबसे बड़ी गलती
अगर आपको गैस, एसिडिटी और अपच जैसी परेशानी होती है तो आप खाने के साथ पानी का सेवन नहीं करें। आप खाने से एक घंटा पहले पानी पिएं। खाने के साथ पानी का सेवन करने से पेट की अग्नि शांत हो जाती है और खाना ठीक से पचता नहीं है। अगर आप पाचन को दुरुस्त करना चाहते हैं तो खाने और पानी के बीच का बैलेंस बनाएं। आप खाने से एक घंटे पहले पानी का सेवन करें आपकी प्यास कंट्रोल रहेगी, भूख कम लगेगी और आपका पाचन भी ठीक रहेगा।
प्रेशर कुकर का बना खाना नहीं खाएं
प्रेशर कुकर जिसे महिलाएं टाइम सेविंग गैजेट्स समझती हैं और उसमें खाना पकाना पसंद करती हैं। प्रेशर कुकर का बना खाना पेट में गैस बनाता हैं,पेट में टॉक्सिन को बढ़ाता हैं। कुकर का बना खाना हाई यूरिक एसिड का कारण बनता है। आप खाना पकाने के लिए पतीली का इस्तेमाल करें। पतीली में बना खाना धीरे-धीरे पकता है और पेट को ज्यादा काम नहीं करना पड़ता और खाना पचना आसान हो जाता है।
खाने के बाद ठंडी चीजों का सेवन जहर है
अक्सर लोग खाने के बाद ठंडी-ठंडी चीजें जैसे आइसक्रीम,ठंडी खीर, ठंडी कुल्फी और ठंडे ड्रिंक्स का सेवन करते हैं। आप जानते हैं कि गर्म खाने के बाद ठंडी चीजों का सेवन पाचन की अग्नि को शांत करता है और आपके पेट में गैस, एसिडिटी और अपच बढ़ता है। खाने के बाद ठंडी चीजों का सेवन यूरिक एसिड को बढ़ाता है और गठिया का कारण बनता है।
रात में दही का सेवन गलत है
रात में दही का सेवन पाचन को बिगाड़ता है। दही का स्वाद खट्टा होता है जो आपकी पाचन शक्ति को प्रभावित करता है। रात में दही का सेवन करने से सर्दी-खांसी जुकाम होता है साथ ही आपका पाचन भी बिगड़ता है। दही को पुराना करके नहीं खाएं। खट्टी दही गठिया का कारण बनती है।
बासी खाने को गर्म करके खाना बहुत बड़ी गलती
एक्सपर्ट ने बताया कि आप बार बार एक ही खाने को गर्म करके नहीं खाएं। लोग बासी चावल,बासी सब्जी को बार-बार गर्म खाते हैं तो आपका पाचन उससे प्रभावित होता है। दोबारा गर्म करने पर खाने में न्यूट्रिशन आधा हो जाता है। उससे अगली बार खाना गर्म करके खाने से उसमें पोषण न के बराबर होता है जो आपकी सेहत के लिए घातक बन जाता है।