हमारी बॉडी का हर पार्ट हमारे लिए जरूरी है। दांत हमारी बॉडी का वो हिस्सा है जिनकी मदद से हम खाना चबाकर खाते हैं और वो खाना हमारे पेट में जाकर पाचन क्रिया की मदद से फूड को एनर्जी में बदलता है। अगर दांत ठीक से काम नहीं करें तो भोजन टुकड़ों में टूटेगा नहीं और दांतों का काम आंतों को करना पड़ेगा जिससे हमारी पाचन क्रिया प्रभावित होगी। खराब डाइट और खराब आदतों की वजह से हमारे दांतों की रंगत लगातार बिगड़ती जा रही है। दांतों में कैविटी बढ़ जाती है और दांतों की रंगत पीली पड़ने लगती है। खाने के बाद दांतों की साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखा जाए तो दांतों में बैक्टीरिया जमा होने लगते हैं और कैविटी बढ़ने लगती है। अगर बैक्टीरिया नर्व को टच करने लगे तो दांतों में सेंसिटिविटी बढ़ने लगती है। दांतों को साफ करने के लिए हम सिर्फ टूथपेस्ट को पर्याप्त मानते हैं लेकिन वो है नहीं।

क्लोव डेंटल, मॉडल टाउन में क्लीनिकल हैड डॉक्टर शिल्पी कौर ने बताया दांतों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। जो लोग सिगरेट-तंबाकू का सेवन करते हैं उनके दांतों को पीला होने से कोई नहीं रोक सकता। एक्सपर्ट ने बताया हम इंडियन के दांतों का शेड सफेद नहीं है हल्के से पीले होते हैं। ऐसे में हम लोग चाय-कॉफी, सिगरेट और तंबाकू का सेवन करते हैं तो दांतों का पीलापन बढ़ने लगता है। दांतों को डार्क पीला होने से बचाने के लिए दांतों की सफाई करना जरूरी है। दिन में दो बार 45 डिग्री के एंगल पर ब्रश करें। दांतों की सफाई के लिए हार्ड नहीं बल्कि सॉफ्ट ब्रश का इस्तेमाल करें।

एक्सपर्ट ने बताया दांतों की सफाई के लिए कुछ घरेलू नुस्खे अपनाएं लेकिन डॉक्टर की सलाह के मुताबिक। दांतों की सफाई के लिए अक्सर लोग सेब का सिरका और बेकिंग सोडा इस्तेमाल करते हैं जो आपके दांतों को आपके मसूड़ों से ही अलग कर सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि दांतों की सफाई के लिए बेकिंग सोडा और सेब का सिरका कैसे नुकसानदायक है? दांतों की सफाई के लिए कौन-कौन से घरेलू नुस्खे अपना सकते हैं।

 बेकिंग सोडा और सेब का सिरका क्या दांतों को साफ करता है?

 बेकिंग सोडा और सेब का सिरका दांतों को फायदा नहीं बल्कि नुकसान पहुंचाता है। ये दोनों चीजें आपके दांतों को कमजोर कर देती है। ये दोनों चीजे दांतों की इनेमल लेयर को इतना पतला कर देती है जिससे आपके दांत कमजोर होने लगते हैं और उनके जल्दी टूटने के चांस बढ़ जाते हैं। सोडा एक ऐसा पदार्थ है जिसे हम खाने में डालते हैं तो वो खाने को फुला देता है अगर इसी सोडे का इस्तेमाल हम दांतों पर करते हैं तो ये दांतों के अंदर की नसों को खोल देता है जिससे दांतों में सेंसिटिविटी होना शुरु हो जाती है, दांत वीक हो जाते हैं और उनके टूटने का खतरा ज्यादा रहता है। दांतों की सफाई के लिए भूलकर भी बेकिंग सोडा और सिरके का इस्तेमाल नहीं करें। विनेगर का इस्तेमाल दांतों में दर्द और सूजन को बढ़ाता है।

दांतों की सफाई के लिए इस खास तरीके को अपनाएं

नमक के पानी से कुल्ला करें

दांतों की सफाई रखने के लिए आप सबसे पहले नमक के पानी से कुल्ला करें। एक गिलास पानी में आधा चम्मच नमक डालें और उससे दांतों को साफ करें। याद रखें पानी गर्म होना चाहिए जितना आप बर्दाश्त कर सकते हैं। गर्म पानी से दांतों को वॉश करने से दांतों की सूजन कम होती है और दांतों में अटका हुआ खाना बाहर निकल जाता है। नमक का पानी दांतों से बैक्टीरिया का सफाया करता है। दांतों में कीड़ा नहीं लगने देता और दांतों को मजबूत करता है। नमक का पानी दांतों में होने वाली सूजन को कंट्रोल करता है। दिन में दो से तीन बार गर्म पानी से कुल्ला करके आप अपने दांतों को मजबूत और सफेद बना सकते हैं।

ऑयल पुलिंग कीजिए

दांतों की सफाई करने के लिए और दांतों को मजबूत बनाने के लिए आप ऑयल पुलिंग कीजिए। आप नारियल का तेल या फिर तिल के तेल को 15-20 मिनट तक मुंह में रखें और उसके बाद इस तेल को थूक दें। ऑयल पुलिंग की ये क्रिया आपके दांतों को मजबूत बनाएगी और दांतों पर पीलापन जमने नहीं देगी। एंटीबैक्टीरियल गुणों से भरपूर ये दोनों तेल दांतों को मजबूत करते हैं और दांतों को साफ करते हैं।

दांतों पर लौंग का तेल लगाएं

लौंग का तेल दांतों के लिए अमृत है। आपके दांतों में जहां दर्द है, सूजन है आप उस जगह पर लौंग का तेल कॉटन में लगाकर लगाएं आपके दांत मजबूत होंगे और दांतों की परेशानी दूर होगी। दिन में दो बार इस तेल को लगाने से मसूड़े मजबूत होते हैं और बैक्टीरिया का सफाया होता है।

लहसुन से करें दांतों का इलाज

आप लहसुन लीजिए और उसे अच्छे से चबाएं। जब उसका जूस निकल जाए तो इसे जहां आपके दांत में दर्द है, मसूड़े ज्यादा कमजोर है और परेशानी ज्यादा है उस जगह पर कुछ देर लगाकर छोड़ दीजिए। लहसुन में एंटीबैक्टीरियल गुण मौजूद है जिससे दांत के खराब होने का खतरा बिल्कुल नहीं होता।