प्याज एक ऐसी सब्जी है जो हमारे ज्यादातर भोजन का मुख्य इंग्रीडेंट है। प्याज के बिना मटन, मछली और सभी सब्जियों की लज्जत अधूरी है। खाने का स्वाद बढ़ाने वाली प्याज सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। प्याज कई तरह की पाई जाती है जैसे सफेद प्याज, लाल प्याज और गुलाबी प्याज सभी तरह की प्याज सेहत के लिए उपयुक्त है। 100 ग्राम प्याज में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें कैलोरी-40, फैट- 0.1 ग्राम, सैचुरेटेड फैट- 0 ग्राम, कोलेस्ट्रॉल- 0 मिलीग्राम, सोडियम- 4 mg, पोटैशियम – 146mg, कार्ब्स- 9 ग्राम, घुलनशील फाइबर-1.7 ग्राम, शुगर- 4.2 ग्राम, प्रोटीन- 1.1 ग्राम, विटामिन सी, कैल्शियम,आयरन,विटामिन डी, विटामिन बी 6, कोबालामिन और मैग्नीशियम मौजूद होता है। प्याज में मौजूद ये सभी पोषक तत्व बॉडी को हेल्दी रखते हैं।

आप जानते हैं कि इतने गुणों से भरपूर प्याज आपके पाचन के लिए अमृत है। प्याज का सेवन करने से गट हेल्थ में सुधार होता है और आंतों की सफाई होती है। एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ बिमल झाजर के मुताबिक जिन लोगों को कब्ज और पाचन से जुड़ी समस्याएं हैं वो रोजाना दिन भर में 100 ग्राम प्याज को खाना शुरु कर दें। प्याज का सेवन सलाद के रूप में उसका सिरका बनाकर कर सकते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि प्याज कैसे पाचन को ठीक करती है और आंतों की सफाई करती है।

प्याज कैसे आंतों को साफ करती है?

प्याज का सेवन करने से आंतों और पेट में जमा गंदगी साफ होती है। फाइबर से भरपूर प्याज का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है और आंतों की गति बढ़ाने में मदद मिलती है। प्याज का सेवन करने से कब्ज का इलाज होता है और आंतों की सूजन भी कम होती है। आंतों की सेहत के लिए प्रोबायोटिक का सेवन बेहद असरदार साबित होता है। प्याज में प्रोबायोटिक गुण मौजूद होते हैं। प्याज में प्रीबायोटिक फाइबर पाया जाता है जो आंतों में गुड बैक्टीरिया को बढ़ाता है। ये गुड बैक्टीरिया पाचन में मदद करते हैं और आंतों को हेल्दी रखते हैं। रिसर्च के मुताबिक प्याज में क्वेरसेटिन और कार्बनिक सल्फर यौगिक होते हैं, जो शरीर में इंसुलिन उत्पादन को बढ़ाते हैं।

एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुणों से भरपूर प्याज आंतों की सूजन को कंट्रोल करती है और आंतों से जुड़ी बीमारियों से बचाव करती है। पाचन को दुरुस्त करने में प्याज बेहद असरदार साबित होती है। जिन लोगों को गैस और एसिडिटी परेशान करती है वो खाने के साथ प्याज का सलाद और सिरके का सेवन करें।

प्याज में गैस्ट्रिक जूस को बढ़ाने वाले गुण मौजूद होते हैं जो पाचन में सुधार करते हैं। पाचन तंत्र को दुरुस्त करने के लिए कुछ विटामिन और मिनरल्स की जरुरत होती है जो हमें प्याज से आसानी से मिल जाता है। अगर आप चाहते हैं कि आपका खाना जल्दी पच जाएं, कब्ज दूर हो जाए और आंतें साफ हो जाएं तो रोजाना प्याज खाना शुरु कर दें।

प्याज के सेहत के लिए फायदे

  1. प्याज का सेवन करने से बॉडी को अनगिनत फायदे होते हैं। इसका सेवन करने से ब्लड में शुगर का स्तर नॉर्मल रहता है। प्याज में मौजूद सल्फर यौगिक इंसुलिन का नेचुरल तरीके से निर्माण करता है और ब्लड शुगर को नॉर्मल करता है।
  2. प्याज खाने से हार्ट भी हेल्दी रहता है। इसका सेवन करने से बीपी कंट्रोल रहता है। ये कोलेस्ट्रॉल को कम करता है और दिल की सेहत में सुधार करता है।
  3. संक्रमण से बचाव करने में प्याज बेहद उपयोगी है। एंटीबैक्टीरियल, एंटीवायरल, और एंटीफंगल गुणों से भरपूर प्याज इम्यूनिटी को मजबूत करती है और किसी भी तरह के संक्रमण से बचाव करती है।
  4. प्याज का सेवन करने से वजन भी कंट्रोल रहता है। इसमें भरपूर फाइबर होता है जो पेट को भरा रखता है और आप ओवर ईटिंग से बचते हैं। प्याज का सेवन वजन कम करने में मदद करता है।
  5. प्याज का सेवन करने से स्किन और बाल हेल्दी रहते हैं। प्याज का रस एंटीऑक्सीडेंट्स गुणों से भरपूर होता है जो उम्र बढ़ने के प्रोसेस को धीमा करता है। प्याज के रस का इस्तेमाल बालों पर करने से हेयर ग्रोथ बढ़ती है और बाल स्ट्रोंग होते हैं।