लहसुन एक ऐसा हर्बल फूड है जिसका सेवन दवाओं के रूप में और खाना पकाने में किया जाता है। खाने का स्वाद बढ़ाने में लहसुन बेहद उपयोगी साबित होता है। इसे स्वाद के लिए करी में डाला जाता है या फिर घरेलू नुस्खों में कच्चा खाया जाता है। लहसुन का इतिहास इंसानी सभ्यता जितना पुराना है। इसका जिक्र प्राचीन मिस्र की किताबों में मिलता है, जहां मजदूरों को ताकत देने के लिए लहसुन दिया जाता था। गार्लिक में मौजूद एक्टिव कंपाउंड एलिसिन इसे खास बनाता है। जब गार्लिक को क्रश या चॉप कर हवा के संपर्क में लाया जाता है तो एलिसिन एक्टिवेट होता है जो लहसुन को ताकतवर बनाता है।

आयुर्वेदिक और युनानी दवाओं के एक्सपर्ट डॉक्टर सलीम जैदी ने बताया लहसुन इम्यून सिस्टम को बूस्ट करता है और सर्दी, खांसी व जुकाम से बचाता है। इसमें एंटीवायरल प्रॉपर्टीज होती हैं, जो शरीर को वायरस और इंफेक्शन से लड़ने में मदद करती हैं। इसके अलावा यह हार्ट हेल्थ के लिए भी फायदेमंद है। रिसर्च बताती हैं कि यह ब्लड प्रेशर और खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करता है और आर्टरीज़ को साफ रखकर हार्ट डिजीज का खतरा घटाता है। आइए जानते हैं कि रोज 3 कली लहसुन का सेवन करने से सेहत पर कैसा होता है असर।

इम्यूनिटी होती है मजबूत

लहसुन का सेवन करने से इम्यून सिस्टम मजबूत होता है। रिसर्च बताती है कि ताज़े लहसुन में मौजूद एलिसिन नामक यौगिक व्हाइट ब्लड सेल्स को सक्रिय करता है, जिससे संक्रमण से लड़ने में मदद मिलती है। ठंड और फ्लू के मौसम में इसका नियमित सेवन करने से बीमारी का खतरा कम होता है।

ब्लड प्रेशर रहता है कंट्रोल

लहसुन को हाई ब्लड प्रेशर वाले लोगों के अमृत माना जाता है। कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि लहसुन रोज खाने से ब्लड प्रेशर को असरदार तरीके से कम किया जा सकता है। जिन लोगों का बीपी हाई रहता है उनके लिए ये कलियां अमृत साबित होती हैं।

ब्रेन की हेल्थ में होता है सुधार

लहसुन दिमागी सेहत को भी बेहतर बनाता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स ब्रेन सेल्स को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं और मेमोरी को शार्प करते हैं। यह डिमेंशिया और अल्जाइमर जैसी समस्याओं से बचाव करने में मदद कर सकता है।

हड्डियां होती हैं मजबूत

हड्डियों की मजबूती में भी गार्लिक अहम भूमिका निभाता है। यह खासकर महिलाओं में ऑस्टियोआर्थराइटिस से बचाव करता है और बोन डेंसिटी बनाए रखता है। पुरुषों में यह इरेक्टाइल डिस्फंक्शन जैसी समस्याओं में भी मदद करता है क्योंकि यह ब्लड सर्कुलेशन सुधारता है।

पाचन में करता है सुधार

लहसुन सिर्फ स्वाद बढ़ाने वाला मसाला नहीं है, बल्कि पाचन तंत्र के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। यह आंतों को साफ़ रखता है और पाचन क्रिया को दुरुस्त करने में मदद करता है। लहसुन में प्रीबायोटिक गुण होते हैं जो आंतों में गुड बैक्टीरिया को पोषण देकर उनकी संख्या बढ़ाते हैं। अच्छे बैक्टीरिया की मौजूदगी से खाना जल्दी और सही तरह से पचता है। इसका सेवन करने से कब्ज़, ब्लोटिंग और गैस जैसी दिक्कतों से राहत मिलती है।

दिल रहता है हेल्दी

लहसुन को  हार्ट-फ्रेंडली भी कहा जाता है। ये कुल कोलेस्ट्रॉल को घटाता है और धमनियों में प्लाक बनने से रोकता है। रोज़ तीन कलियां खाने से तुरंत असर तो नहीं होता, लेकिन एक महीने में आपके ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होगा और आने वाले समय में दिल के रोगों का खतरा टलेगा।

महिलाओं के पेट पर बढ़ती चर्बी देती हैं 10 बीमारियों को न्यौता, सदगुरु ने बताया 1 योग जो घटाएगा बीमारियों का रिस्क, स्टमक हो जाएगा फ्लैट। पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।