फलों का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद है। फलों का सेवन करने से बॉडी को पोषण मिलता है,वेट कंट्रोल रहता है और दिल की सेहत दुरुस्त रहती है। फलों में वो सभी पोषक तत्व मौजूद हैं जो अच्छी सेहत के लिए जरूरी हैं। फलों का सेवन करने से बॉडी को पर्याप्त विटामिन और मिनरल मिलते है। फाइबर से भरपूर फलों का सेवन करने से कब्ज का इलाज होता है और पाचन दुरुस्त रहता है। एंटीऑक्सीडेंट्स गुणों से भरपूर फलों का सेवन करने से फ्री रेडिकल्स से बचाव होता है और बीमारियों का जोखिम भी कम होता है।

फलों का सेवन करने से इम्युनिटी स्ट्रांग रहती है और बीमारियों का खतरा भी कम होता है। फलों में भी कुछ खास फल सेहत के लिए अमृत हैं। एवोकाडो एक ऐसा फल है जिसका सेवन ओवर ऑल हेल्थ के लिए उपयोगी है। दिल की सेहत को दुरुस्त रखने में ये फल जादुई असर करता है। आइए रिसर्च से जानते हैं कि ये फल दिल की सेहत के लिए कैसे वरदान है।

रिसर्च से जानिए दिल के लिए एवोकाडो कैसे फायदेमंद है?

अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, जो लोग सप्ताह में कम से कम दो बार एवोकाडो खाते हैं, उनमें कार्डियो वैस्कुलर डिजीज का जोखिम उन लोगों की तुलना में कम हो सकता है जो शायद ही कभी एवोकाडो खाते हैं। 30 सालों में की गई रिसर्च में 110,000 से अधिक प्रतिभागियों को शामिल किया गया। रिसर्च में ये निष्कर्ष निकाला गया कि एवोकाडो का सेवन करने से दिल के रोगों का खतरा कम हो सकता है।

एवोकाडो के हेल्थ बेनेफिट्स की बात करें तो ये फल पाचन को दुरुस्त करता है, तनाव का जोखिम कम करता है और हड्डियों को स्ट्रांग बनाता है। एक दूसरी रिसर्च के मुताबिक अगर 6 महीनों तक रोजाना एवोकाडो का सेवन किया जाए तो LDL कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम हो जाता है। खराब कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल होने से दिल के रोगों का खतरा कम होता है।

एवोकाडो से कोलेस्ट्रॉल रहता है कंट्रोल

लोमा लिंडा यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ में न्यूट्रिशन और महामारी विज्ञान के प्रोफेसर, सह-लेखक डॉ. जोन सबाटे एमडी, डीआरपीएच के अनुसार एवोकाडो में चीनी और नमक कम होता है लेकिन मोनोअनसैचुरेटेड फैट, पोटैशियम और फाइबर की मात्रा ज्यादा होती हैं, जो दिल को हेल्दी रखने में बेहद असरदार साबित होती है। एवोकाडो में  मोनोअनसैचुरेटेड फैट होता है जो ब्लड में LDL  कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद करता है जो दिल के रोगों से बचाव करता है।

एवोकाडो के फायदे

एवोकाडो में विटामिन K मौजूद होता है जो हड्डियों को हेल्दी रखता है।
फाइबर से भरपूर इस फल का सेवन करने से कोलोरेक्टल कैंसर का खतरा कम होता है।
एवोकाडो का सेवन करने से महिलाओं में गर्भपात का जोखिम कम होता है।
तनाव को दूर करने में ये फल बेहद असरदार साबित होता है।
जिन लोगों का पाचन खराब रहता है और कब्ज से परेशान रहते हैं वो एवोकाडो का सेवन करें।

दिल की सेहत से जुड़ी खबरों के लिए इन लिंक पर करें क्लिक