कब्ज पेट से जुड़ी एक ऐसी समस्या है, जिसके चलते व्यक्ति की रातों की नींद उड़ जाती है। इससे पीड़ित शख्स का पेट हमेशा भारी-भारी रहता है, उन्हें मल त्याग करने में बेहद कठिनाई का सामना करना पड़ता है साथ ही पेट में ऐंठन और समय-समय पर असहनीय दर्द भी खूब परेशान करता है। वहीं, कब्ज से छुटकारा कैसे पाया जाए, इसे लेकर कई घरेलू नुस्खे इंटरनेट पर मौजूद हैं। कई तरह के फूड भी इस परेशानी से निजात दिलाने में आपकी मदद कर सकते हैं। हालांकि, इस आर्टिकल में हम आपको ऐसे 5 फूड के बारे में बता रहे हैं, जिनका सेवन इस तरह की परेशानी का कारण बनता है या इसे और अधिक बढ़ा सकता है। ये फूड पाचन मशीन पर बेहद खराब असर डालकर आंतों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में-

कच्चा केला

कब्ज की परेशानी को दूर करने के लिए अक्सर पका हुआ केला खाने की सलाह दी जाती है। हालांकि, इससे अलग कच्चा केला इस परेशानी को और बढ़ा सकता है। नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफॉर्मेशन पर प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, कच्चे केले में स्टार्च की मात्रा अधिक होती है, जिसे पचाना शरीर के लिए कठिन हो जाता है। ऐसे में इसके अधिक सेवन से व्यक्ति को कब्ज, गैस, सूजन व पेट की ऐंठन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

गाय का दूध

आमतौर पर माना जाता है कि रात के समय गाय का दूध पीने से सुबह पेट ठीक ढंग से साफ हो जाता है और इसका सेवन पाचन तंत्र मजबूत करने में मदद कर सकता है। हालांकि, नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन पर प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, बच्चों में गाय का दूध कॉन्स्टिपेशन के खतरे को अधिक बढ़ा सकता है। अध्ययन में 13 बच्चों को शामिल किया गया। इस दौरान देखा गया कि गाय का दूध पीने से बच्चों को पेट से जुड़ी समस्या का सामना करना पड़ा। दरअसल, गाय के दूध में मौजूद प्रोटीन को पचाने के लिए छोटे बच्चों की पाचन क्रिया पूरी तरह से सक्षम नहीं होती है। ऐसे में इसे पीने से उन्हें मल त्याग करने में परेशानी के साथ-साथ पेट में गैस और दर्द की समस्या का सामना भी करना पड़ सकता है।

रेड मीट

बता दें कि फाइबर से भरपूर फूड पाचन शक्ति को बढ़ाने का काम करते हैं। वहीं, रेड मीट में फाइबर की मात्रा ना के बराबर होती है, जो आपके आंतों में मल को एक जगह इकट्ठा कर देती है। इससे कब्ज का खतरा बना रहता है। वहीं, अधिक मात्रा में इसका सेवन करने से आंत सिकुड़ने लगती हैं, जो अधिक गंभीर स्थिति है।

कॉफी

अधिक मात्रा में कॉफी का सेवन भी कब्ज का कारण बन सकता है। कॉफी पीने से डिहाइड्रेशन की परेशानी होती है, जिससे कब्ज की समस्या पहले से ज्यादा हो जाती है। इसके अलावा ज्यादा कॉफी के सेवन से पेट में गैस्ट्रिक हार्मोन की मात्रा भी बढ़ जाती है, जिससे गैस, एसिडिटी, डायरिया जैसी दिक्कतें भी आपको घेर सकती हैं।

जीरा

जीरा का सेवन भी कब्ज की समस्या को अधिक बढ़ा सकता है। दरअसल, जीरे की तासीर सूखी होती है, जिसे आयुर्वेद में ग्राही कहा जाता है। वहीं, पेट में जाने के बाद जीरा नमी को सोखता है, जिससे कब्ज होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में अगर आप पहले से ही गैस, पेट में ऐंठन या मल त्याग करने में परेशानी का सामना कर रहे हैं, तो जीरे का सेवन ना करें।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।