आम आदमी पार्टी दिल्ली नगर निगम चुनाव में मिली जीत का जश्न मनाने में व्यस्त है। आप को एमसीडी की 250 सीटों में से 134 पर जीत मिली है। वहीं भाजपा को 104 सीटों से ही संतुष्ट होना पड़ा है। हालांकि कई बड़े आप नेताओं के गढ़ में पार्टी को नुकसान का सामना करना पड़ा है।

नजफगढ़ विधायक कैलाश गहलोत के विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम की चार सीटें हैं, इनमें से तीन पर आम आदमी पार्टी की हार हुई है। हाजी यूनुस मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। इस क्षेत्र में नगर निगम की पांच सीटें हैं और पांचों पर आप की हार हुई है।

ओखला विधायक अमानतुल्लाह खान के क्षेत्र में एमसीडी की पांच सीटें हैं, जिनमें से चार पर आप को हार मिली है। जेल में बंद आप मंत्री सतेंद्र जैन के विधानसभा क्षेत्र की सभी तीन सीटों पर भाजपा की जीत हुई है। दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के विधानसभा क्षेत्र पटपड़गंज में नगर निगम की चार सीटें हैं, जिनमें से तीन पर आप की हार हुई है।

भाजपा सांसदों के क्षेत्र में आप का प्रदर्शन

MCD के 250 वार्डों के लिए चार दिसंबर को वोटिंग हुई थी। 15 साल से एमसीडी की सत्ता पर काबिज भाजपा दूसरे नंबर पर है। वहीं कांग्रेस ने इस चुनाव में भी खराब प्रदर्शन किया है।

भाजपा इस चुनाव में भले ही पिछड़ गयी हो लेकिन लोकसभा सभी सीटों पर अब भी उसी का दबदबा है। दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर भाजपा के सांसद हैं। ऐसे में यह जानना दिलचस्प होगा कि किस सांसद के क्षेत्र से किस पार्टी के कितने पार्षद जीते हैं:

मनोज तिवारी के क्षेत्र में भाजपा का प्रदर्शन

भोजपुरी गायक और भाजपा नेता उत्तर-पूर्व दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद हैं। उत्तर-पूर्वी लोकसभा क्षेत्र में नगर निगम की 41 सीटें हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस क्षेत्र की 18 सीटों पर भाजपा और 17 सीटों पर आप के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की हैं। वहीं चार सीट कांग्रेस और दो अन्य के हिस्से गया है।

रमेश बिधूड़ी के क्षेत्र में आप की बड़ी जीत

भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी साउथ दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। इस संसदीय क्षेत्र में नगर निगम की 37 सीटें हैं। सभी सीटों के नतीजे आ चुके हैं। भाजपा के इस गढ़ में आम आदमी पार्टी के 23 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। भाजपा को 13 सीटों से संतुष्ट होना पड़ा है। वहीं कांग्रेस के हिस्से एक सीट गई है।

हंसराज हंस की सीट पर भी आप का जलवा

भाजपा नेता और गायक हंसराज हंस उत्तर-पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। इस संसदीय क्षेत्र में नगर निगम की 43 सीटें हैं। सभी सीटों के नतीजे आ चुके हैं। क्षेत्र की 14 सीट भाजपा, 26 आप, एक कांग्रेस और दो अन्य के हिस्से गया है। यानी इस क्षेत्र में भी आप ने बड़ी बढ़त हासिल की है।

मीनाक्षी लेखी के क्षेत्र में भाजपा का खराब प्रदर्शन

भाजपा नेत्री मीनाक्षी लेखी नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। इस संसदीय क्षेत्र में कुल 25 वार्ड हैं, जिनमें से सिर्फ पांच पर भाजपा को जीत मिली है और शेष 20 सीटें आप के खाते में गईं हैं। कांग्रेस यहां खाता भी नहीं खोल पायी है।

डॉ. हर्षवर्धन के क्षेत्र में भाजपा ने दी टक्कर

डॉ. हर्षवर्धन चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। इस संसदीय क्षेत्र में कुल 30 वार्ड हैं। भाजपा को यहां 16 सीटों पर कामयाबी मिली है। आप 14 वार्ड जीत पायी है। कांग्रेस का यहां भी खाता नहीं खुला है।

परवेश वर्मा के क्षेत्र में भाजपा का बुरा हाल

परवेश वर्मा वेस्ट दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। इस क्षेत्र में नगर निगम के 38 वार्ड हैं, जिनमें से 24 पर आप और 14 पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस यहां भी शुन्य रही है।

गौतम गंभीर के क्षेत्र में भाजपा को बढ़त

गौतम गंभीर ईस्ट दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। इस क्षेत्र में एमसीडी के 38 वार्ड हैं, जिनमें से 22 पर भाजपा और 11 पर आप को जीत मिली है। यहां की तीन सीटों पर कांग्रेस ने भी जीत दर्ज की है।

आप की बॉबी किन्नर को मिली जीत

आम आदमी पार्टी की ट्रांसजेंडर उम्मीदवार बॉबी किन्नर ने सुल्तानपुरी-A वार्ड 43 से जीत हासिल की है। सुल्तानपुर माजरा के निवासी बॉबी को प्यार से ‘बॉबी डार्लिंग’ कहते हैं। (पढ़ें पूरी खबर