Lalit Modi businesses: इंडियन प्रीमियर लीग के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी (Lalit Modi) बीमार है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें दूसरी बार कोरोना हो गया है। वह लंदन में ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। बीमार होने के बाद उन्होंने रिटायर होने की घोषणा की है। उन्होंने अपने फैमिली ट्रस्ट की कमान अपने बेटे रुचिर को सौंपी है।

केके मोदी फैमिली ट्रस्ट को लेकर ललित मोदी की मां बीना और बहन के बीच कानूनी लड़ाई चल रही है। अपने एक इंस्टग्राम पोस्ट में ललित मोदी ने अपनी मां के लिए लिखा है, मेरे बाद यह महिला (मेरी मां) मेरे परिवार को नष्ट कर देगी, मेरे बच्चों को बेसहारा कर देगी। ललित मोदी का बिजनेस एंपायर 12 हजार करोड़ रुपये का है।

लंदन में हवेली

ललित मोदी वर्तमान में लंदन में स्लोन स्ट्रीट पर एक लक्जरी हवेली में रहते हैं। 7000 वर्ग फुट में फैले उस विशाल पांच मंजिला हवेली में एक इनबिल्ट एलिवेटर। ललित मोदी की हवेली में 14 कमरे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोदी ने यह हवेली लीज पर ले रखी है। 2011 में इसका किराया 12 लाख रुपए प्रति महीना था। अब 20 लाख रुपए प्रति महीना है। ललित मोदी की निजी संपत्ति  $570 मिलियन (4,555 करोड़ रुपये) की बतायी जाती है।

परिवार का इतिहास

ललित मोदी के दादा और भारत के जाने माने उद्योगपति गुजरमल मोदी ने मोदी ग्रुप की स्थापना की थी। दिल्ली के औद्योगिक शहर मोदीनगर (Modinagar) ललित मोदी के दादा गुजरमल मोदी (Gujarmal Modi) ने ही बसाया था। उन्होंने 1933 में अपनी खुद की चीनी मिल शुरू की थी। साल 1968 में भारत सरकार ने गुजरमल मोदी को पद्म भूषण से सम्मानित किया था।

गुजरमल मोदी के निधन के बाद मोदी एंटरप्राइजेज की कमान ललित मोदी के पिता कृष्ण कुमार मोदी के हाथों में आ गयी। उन्होंने पारिवारिक व्यवसाय का विस्तार किया और विभिन्न क्षेत्रों में प्रवेश किया। कृष्ण कुमार मोदी ने व्यवसाय को कृषि, पान मसाला, माउथ फ्रेशनर, तंबाकू, कन्फेक्शनरी, एजुकेशन, सौंदर्य प्रसाधन, मनोरंजन, फैशन, ट्रैवल और रेस्तरां के क्षेत्र में फैलाया।

ललित मोदी ने बिजनेस में क्या जोड़ा?

ललित मोदी ने ‘मोदी एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स’ की स्थापना की थी। भारत में डिज़्नी के कॉन्टेंट के प्रसारण करने के लिए उन्होंने साल 1992 में वॉल्ट डिज़्नी के साथ पार्टनरशिप की थी। साल 1994 में वह ESPN के ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूटर भी थे।

ललित मोदी के मोदी एंटरप्राइजेज के पास मोदी केयर, इंडोफिल इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रॉकफोर्ड व्हिस्की, मार्लबोरो सिगरेट, पान विलास पान मसाला, बीकन ट्रैवल कंपनी, 24 सेवन रिटेल स्टोर आदि जैसे कई लोकप्रिय ब्रांड हैं। दिल्ली में ललित मोदी की कंपनी कई रेस्तरां चलाती है, जैसे- एगो थाई, ईगो इटेलियन, ईगो 33. उनकी कंपनी अरब देशों, अफ्रीका और यूरोप के साथ भी कारोबार करती है।

ललित मोदी का बचपन

ललित मोदी ने स्कूल शिक्षा शिमला के बिशप कॉटन स्कूल से ली है। बाद में परिवार नैनीताल चल गया। ललित मोदी ने 1976 से 1980 के बीच नैनीताल के सेंट जोसेफ कॉलेज में पढ़ाई की। मोदी साल 1980 में जब 10वीं क्लास में थे, तब वह क्लास बंक कर फिल्म देखने चले गए थे। इस घटना से नाराज स्कूल प्रशासन ने उन्हें विद्यालय से निकाल दिया था।