गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भाजपा ने अपने सभी उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा ने पहली सूची में 160 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी। तब भाजपा नेता ने बताया था कि उनकी पार्टी ने 160 में से 13 अनुसूचित जाति (SC) और 24 अनुसूचित जनजाति (ST) के नेताओं को मैदान में उतारा है। पहली सूची में 14 महिला उम्मीदवारों को भी जगह मिली थी।

हालांकि लिस्ट में किसी मुस्लिम उम्मीदवार का नाम नहीं था। भाजपा ने दो चरणों में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए कुल पांच सूची जारी की लेकिन किसी सूची में एक भी मुस्लिम उम्मीदवार का नाम नहीं था।  

राज्य की आबादी में करीब 10 प्रतिशत मुस्लिम

जनगणना (Census 2011) के उपलब्ध आंकड़ों की मानें तो गुजरात की कुल आबादी करीब 6 करोड़ है। कुल आबादी में हिंदू 88.57 प्रतिशत और मुस्लिम करीब 9.67 प्रतिशत हैं। यानी राज्य में करीब 58.47 लाख मुसलमान रहते हैं लेकिन राज्य की सत्ता में उनकी भागीदारी लगभग नगण्य है। पिछले विधानसभा चुनाव (2017) में सिर्फ चार मुस्लिम उम्मीदवार निर्वाचित हुए थे। चारों ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। साल 1980 में जब कांग्रेस से माधव सिंह सोलंकी मुख्यमंत्री बने थे, तब 12 मुस्लिम नेता विधानसभा पहुंचे थे।

गुजरात, भाजपा और मुसलमान

भाजपा गुजरात की सत्ता में करीब 27 साल से काबिज है। साल 1980 में भाजपा की स्थापना होने के बाद से गुजरात में अब तक विधानसभा के नौ चुनाव हो चुके हैं। इस बीच भाजपा ने सिर्फ एक चुनाव में एक मुस्लिम नेता को टिकट दिया है। गुजरात विधानसभा चुनाव में पहली और आखिरी बार भाजपा ने 24 साल पहले भरूच जिले की वागरा विधानसभा सीट पर एक मुसलमान को उतारा था। भाजपा वह सीट हार गई थी। उसके बाद से आज तक भाजपा ने किसी चुनाव में एक भी मुस्लिम नेता को टिकट नहीं दिया है।

बता दें कि 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में दो चरणों में एक दिसंबर और पांच दिसंबर को मतदान होगा। पहले चरण में 89 और दूसरे चरण में 93 सीटों पर मतदान होना है। मतगणना आठ दिसंबर को होगी।