भारत को दुनिया के प्रमुख विकसित और विकासशील देशों का समूह जी-20 की अध्यक्षता मिलने वाली है। मंगलवार को प्रधानमंत्री ने नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जी-20 का लोगो (LOGO), थीम और वेबसाइट का अनावरण किया था। भारत सरकार ने लोगो के रूप में सात पांखुड़ी वाला कमल शामिल किया है। लोगो के अनावरण के दौरान पीएम मोदी ने कहा, ”इस लोगो में कमल का फूल, भारत की पौराणिक धरोहर, हमारी आस्था, हमारी बौद्धिकता को चित्रित कर रहा है।”
विपक्षी दल कांग्रेस ने इस लोगों पर आपत्ति व्यक्त की है। कांग्रेस पार्टी के महासचिव और मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने ट्विटर पर लिखा है, ”70 साल पहले नेहरू ने कांग्रेस के झंडे को भारत का झंडा बनाने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। आज भाजपा का चुनाव चिन्ह भारत की जी-20 की अध्यक्षता का आधिकारिक लोगो बन गया है। यह चौंकाने वाला ज़रूर है, लेकिन अब हमलोग यह जान गए हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा बेशर्मी से खुद का प्रचार करने का कोई भी मौका नहीं गंवाएगी।”
कांग्रेस की आपत्ति पर सवाल उठाते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने ट्विटर पर लिखा है, ”प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करने के लिए राष्ट्रीय प्रतीकों और फूल का विरोध क्यों?” पूनावाला ने कमल को राष्ट्रीय फूल बताकर सरकार के फैसले का बचाव किया है।
राष्ट्रीय फूल नहीं है कमल
जुलाई 2019 में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में बताया था कि सरकार ने किसी फूल को ‘राष्ट्रीय फूल’ का दर्जा नहीं दिया है। उन्होंने कहा था कि पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने साल 2011 में अधिसूचना जारी कर ‘बाघ’ और ‘मोर’ को क्रमश: ‘राष्ट्रीय पशु’ और ‘राष्ट्रीय पक्षी’ के रूप में अधिसूचित किया था। लेकिन राष्ट्रीय फूल के संबंध में ऐसी कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है।
भारतीय पासपोर्ट पर भी छापा जा चुका है कमल
सरकार नए भारतीय पासपोर्टों पर भी कमल छाप चुकी है। विपक्ष ने जब इसे लेकर लोकसभा में सरकार से सवाल किया, तब विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा था, ”कमल भारत का राष्ट्रीय पुष्प है और इसीलिए विदेश मंत्रालय ने फर्जी पासपोर्टों से निबटने के लिए इसे छापना शुरू किया है।” यह विवाद दिसंबर 2019 का है। जबकि जुलाई 2019 में ही भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में लिखित में बता दिया था कि कमल भारत का राष्ट्रीय फूल नहीं है।
भारत सरकार की वेबसाइट पर अलग तथ्य
भारत सरकार की वेबसाइट knowindia.india.gov.in पर कमल को राष्ट्रीय फूल बताया गया है। लिखा है, ”कमल (निलम्बो नूसीपेरा गेर्टन) भारत का राष्ट्रीय फूल है। यह पवित्र पुष्प है और इसका प्राचीन भारत की कला और गाथाओं में विशेष स्थान है और यह अति प्राचीन काल से भारतीय संस्कृति का मांगलिक प्रतीक रहा है।”