कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे, डॉ शशि थरूर और झारखंड के कांग्रेस नेता केएन त्रिपाठी ने नामांकन दाखिल कर दिया है। इस मुकाबले में अगर वरिष्ठ कांग्रेस नेता खड़गे की जीत होती हो है, तो वह पार्टी प्रमुख का पद संभालने वाले दूसरे दलित नेता होंगे। साल 1970 से 1971 तक पार्टी अध्यक्ष रहने वाले जगजीवन राम कांग्रेस के पहले दलित अध्यक्ष थे।

मजदूर आंदोलन से निकले नेता हैं खड़गे

खड़गे को कट्टर कांग्रेसी नेता माना जाता है। वह मजदूर आंदोलन से निकले नेता हैं। पिछले 50 साल से राजनीति में सक्रिय हैं। 1972 से अब तक खड़गे 8 बार विधायक और दो बार सांसद रह चुके हैं। वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। उनके नाम लगातार 10 चुनाव जीतने का रिकॉर्ड है। वह अब तक सिर्फ एक चुनाव हारे हैं, वह है- 2019 का लोकसभा चुनाव। खड़गे कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष और केंद्र में मंत्री रह चुके हैं।

अध्यक्ष बनने पर क्या करेंगे थरूर?

नामांकन दाखिल करने से पहले शशि थरूर राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी थी। राजीव गांधी मेमोरियल का दौरा करने गए थरूर ने राजीव गांधी के शब्दों को दोहराते हुए ट्वीट किया, ”भारत एक पुराना लेकिन एक युवा राष्ट्र है … मैं मानवता की सेवा में भारत के मजबूत, स्वतंत्र, आत्मनिर्भर और दुनिया के सभी राष्ट्रों से आगे होने का सपना देखता हूं।”

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को मित्रतापूर्ण मुकाबला बताया है। उन्होंने कहा है, ”हम सब एक ही कांग्रेस विचारधारा को साझा करते हैं। हम चाहते हैं कि पार्टी मजबूत हो। ये कोई प्रतिद्वंद्विता नहीं है। यह मित्रतापूर्ण मुकाबला होने जा रहा है।”

पत्रकारों से बात करते हुए शशि थरूर ने कहा, ”इस वक्त मजबूत लीडरशिप की जरूरत है, अगर अध्यक्ष बनता हूं तो मैं वही देने की कोशिश करूंगा।”

कौन हैं शशि थरूर?

शशि थरूर का जन्म 9 मार्च 1956 को लंदन में हुआ था। उनकी पढ़ाई-लिखाई भारत और विदेश दोनों जगहों पर हुई। थरूर ने 22 साल की उम्र में पीएचडी कर ली थी। वह संयुक्त राष्ट्र संघ में अंडर सेक्रेटरी जनरल के पद पर 3 दशक तक रहे है। साल 2009 में वह कांग्रेस में शामिल हुए और पहली बार केरल में तिरुवनंतपुरम सीट चुनाव लड़ा। उन्हें करीब 100,000 के अंतर से जीत मिली। इसके बाद अब तक थरूर तिरुवनंतपुरम से सांसद हैं। UPA के नेतृत्व वाली सरकार में थरूर विदेश मंत्री (2009-2010) और मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री (2012-2014) रह चुके हैं।