टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ की एक्ट्रेस शिवांगी जोशी के दादाजी का 18 मई को निधन हो गया। बॉलीवुड लाइफ डॉट कॉम के मुताबिक शिवांगी जोशी के दादा जी का निधन एक्ट्रेस के जन्मदिन पर ही हुआ है। वहीं शिवांगी जोशी ने भी दादाजी के निधन की खबर अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फैन्स को दी है। शिवांगी जोशी ने फैंस को जानकारी देते हुए लिखा- कल मैंने अपने दादू को खो दिया। वह हमेशा मुस्कुराते रहें और हमें आसामान से देखते रहें।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शिवांगी ने अपने जन्मदिन (18 मई) के मौके पर फैन्स संग लाइव चैट करने का प्लान किया था। लेकिन जन्मदिन के मौके पर ही दादाजी के निधन से सबकुछ रद करना पड़ा। बता दें शिवांगी के दादाजी अक्सर ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ के सेट पर उनका हौसला बढ़ाने जाया करते थे। उनके जाने से सेट की अलग ही रौनक होती थी।

शिवांगी की अपने दादाजी के साथ इस कदर बॉन्डिंग (दोस्त जैसा) थी कि वह उन्हें प्रत्येक फैमिली आउटिंग पर भी साथ ले जातीं। जनता कर्फ्यू के दिन भी शिवांगी जोशी के दादाजी ने कोरोना योद्धाओं को परिवार सहित सलामी दी थी।

गौरतलब है कि शिवांगी जोशी उत्तराखंड के देहरादून की रहने वाली हैं। हालांकि शिवांगी का जन्म महाराष्ट्र के पुणे में हुआ है। उनके करियर की बात करें तो शिवांगी जोशी ने साल 2013 में टीवी शो ‘खेलती है जिंदगी आंख मिचोली’ से करियर की शुरुआत की थी।

इसके बाद उन्होंने टीवी शो ‘बेइंतहा’ में आयत हैदर का किरदार निभाया था। हालांकि शिवांगी के करियर का सबसे अहम शो रहा ‘बेगूसराय’। इसके बाद ये रिश्ता क्या कहलाता है से उन्हें काफी लोकप्रियता मिली। शिवांगी जोशी इस शो में ‘नायरा’ का किरदार निभाती हैं। शिवांगी की कार्तिका यानी मोहसिन खान संग ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री लोगों को खूब पसंद आती है।