Year Ender 2025: साल 2025 खत्म हो रहा है, लेकिन इस साल पूरी दुनिया में कई सारी दुर्घटनाएं हुईं। बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए भी ये साल काफी खराब रहा। भले ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया, मगर धर्मेंद्र समेत कई दिग्गज एक्टर्स इस दुनिया से चले गए। इसके अलावा तमाम अभिनेताओं को गंभीर चोटें आईं और कुछ को अस्पताल में भी भर्ती होना पड़ा। इसमें सबसे पहले सैफ अली खान और गोविंदा का नाम आता है। एक पर चाकू से हमला हुआ तो दूसरे ने खुद के ही पैर पर गलती से गोली मार दी। इस खबर में हम उन एक्टर्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जो इस साल दुर्घटना का शिकार हुए।
सैफ अली खान
16 जनवरी 2025 की रात मुंबई के बांद्रा में सैफ अली खान के घर में एक अज्ञात व्यक्ति घुस आया और उन पर चाकू से कई बार हमला किया गया। इस हमले के दौरान सैफ को लगभग छह वार हुए, जिसमें गर्दन, रीढ़ और हाथों पर गंभीर चोटें शामिल थीं। उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया और वहां उनकी सर्जरी हुई।
गोविंदा
हमारे हीरो नंबर 1 गोविंदा भी इस साल की शुरुआत में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 1 अक्टूबर 2024 की सुबह करीब 4:45 बजे अपनी ही लाइसेंसी रिवॉल्वर से गलती से गोली लग गई थी। बताया गया कि वह अपनी रिवॉल्वर को साफ कर रहे थे और वह हाथ से गिर गई। जिससे उनके दाहिने पैर में गोली लगी और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां ऑपरेशन के बाद वह खतरे से बाहर आ गए।
यह भी पढ़ें: ‘आप इसे रोक नहीं सकते’, कॉमेडी में अश्लील भाषा की जावेद अख्तर की आलोचना को ज़ाकिर खान ने बताया जायज़, बोले- लेकिन….
अरुणा ईरानी
बॉलीवुड की वरिष्ठ अभिनेत्री अरुणा ईरानी अपने दोस्तों के साथ बैंकॉक, थाईलैंड की यात्रा पर थीं। वहां शॉपिंग के दौरान अचानक गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे वह घायल हो गईं। जब वह मुंबई वापस लौटीं, उन्हें व्हीलचेयर पर और बैसाखी के सहारे चलते देखा गया।
विजय देवरकोंडा
6 अक्टूबर 2025 को विजय देवरकोंडा की कार का सड़क हादसा हो गया था। वह आंध्र प्रदेश के पुत्तापर्थी से हैदराबाद लौट रहे थे। उनकी Lexus कार का एक बोलेरो वाहन से सामने टक्कर हो गई। इस एक्सीडेंट में एक्टर को हल्की चोट आई। उन्होंने फैंस को खुद इसके बारे में जानकारी देते हुए कहा था कि वो सुरक्षित हैं।
यह भी पढ़ें: Avatar: Fire and Ash BO Collection: ‘धुरंधर’ की आंधी में नहीं टिक पाई ‘अवतार 3’, जानें पहले दिन किया कितना कलेक्शन
राजवीर जवांदा
राजवीर जवांदा, जो कि एक प्रसिद्ध पंजाबी सिंगर और अभिनेता थे, 27 सितंबर 2025 को हिमाचल प्रदेश के बड्डी इलाके के पास एक गंभीर बाइक एक्सीडेंट का शिकार हो गए थे। उन्हें फोर्टिस अस्पताल, मोहाली ले जाया गया, जहां उनकी हालत अत्यंत गंभीर थी। कुछ दिनों तक चले इलाज के बाद कार्डियक अरेस्ट से उनका निधन हो गया।
जीशान खान
टीवी एक्टर जीशान खान, जिन्हें ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘बिग बॉस OTT’ जैसे शो से पहचान मिली है, उनका 8 दिसंबर 2025 को मुंबई के वर्सोवा / यारी रोड पर कार एक्सीडेंट हो गया था। रिपोर्ट के अनुसार, रात लगभग 8:30 बजे उनकी काली कार सामने से आ रही एक ग्रे कार से जोरदार टकरा गई, जिसकी वजह से एयरबैग खुल गए और कार को काफी नुकसान हुआ।
