साल 2024 अपने अंतिम पड़ाव में है। इस साल आम लोगों से लेकर फिल्म इंडस्ट्री में काफी कुछ हुआ। बहुत से लोगों ने दुनिया को अलविदा कह दिया तो कुछ लोग अपने विवादों की वजह से काफी सुर्खियों में रहे। ग्लैमर वर्ल्ड में स्टार्स किसी विवाद में ना फंसे हों ऐसा बहुत कम ही देखने के लिए मिलता है। वहीं, भोजपुरी सिनेमा में तो हर साल कुछ ना कुछ बवाल होता रहता है। पिछले साल खेसारी लाल यादव और पवन सिंह के बीच जमकर विवाद हुआ था। वहीं, इस साल दोनों की दोस्ती हुई तो अब बात-विवाद किसी और से हो गया। जहां काजल राघवानी ने खेसारी की पोल पट्टी खोली वहीं, पवन सिंह की पत्नी की कॉल रिकॉर्डिंग वायरल हुई तो सच सामने आ गया कि दोनों के बीच रिश्ते फिर से खराब हो गए। इतना ही नहीं, अक्षरा सिंह ने भी पवन को लेकर काफी कुछ कहा और खुद पर लगे प्रेग्नेंसी के आरोपों पर भी उन्होंने रिएक्शन दिया। चलिए बताते हैं इस साल भोजपुरी में क्या कुछ गदर मचा।

खेसारी लाल यादव-काजल राघवानी का विवाद

भोजपुरी सिनेमा के साल 2024 के विवादों की शुरुआत खेसारी लाल यादव और काजल राघवानी से करते हैं। इस साल खेसारी लाल शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में पहुंचे थे। जहां पर एक्टर ने काजल राघवानी और बिना नाम लिए अक्षरा सिंह के साथ अफेयर की चर्चा पर बात की थी। इसी दौरान काजल की तुलना उन्होंने टैम्पो से कर दी थी। इस पर वो काफी भड़क उठी थीं। यहां से उनका विवाद एक बार फिर से शुरू हो गया था, जिसके बाद काजल ने कई यूट्यूबर्स को इंटरव्यू दिए और उसमें अपने रिश्ते का खुलासा किया कि वो खेसारी के साथ 5 साल तक रिलेशनशिप में थीं। एक्टर ने उनसे दो साल में शादी का वादा किया था, जो कि झूठा निकला। इतना ही नहीं, काजल ने ये भी कहा था कि खेसारी अपने फोन में लड़कियों की अश्लील फोटो रखते हैं। हालांकि, बाद में खेसारी ने उन आरोपों पर भी रिएक्शन दिया था और खूब गुस्सा निकाला था। ट्रेडिंग स्टार ने रिलेशनशिप से साफ इनकार कर दिया था।

वायरल हुई थी पवन सिंह की वाइफ की कॉल रिकॉर्डिंग

पवन सिंह का उनकी वाइफ ज्योति सिंह से विवाद काफी रहा है। बात यहां तक आ गई थी कि इनका विवाद कोर्ट पहुंच गया था और तलाक की नौबत आ गई थी। लेकिन, बिहार चुनाव 2024 के बीच पवन सिंह का वाइफ के साथ सुलह हो गई थी। दोनों ने साथ में जमकर चुनाव प्रचार भी किया था लेकिन, जैसे ही चुनाव खत्म हुआ तो एक कॉल रिकॉर्डिंग यूट्यूब पर वायरल हुई थी, जिसमें ज्योति सिंह को कहते हुए सुना गया था कि वो ससुराल जाने को तैयार हैं अगर पवन सिंह उन्हें लेने आएंगे तो। इस कॉल रिकॉर्डिंग में ज्योति को पवन सिंग पर काफी गुस्सा निकालते हुए देखा गया था, जो कि काफी चर्चा में रहा था। इसके बाद दोनों साथ नहीं दिखे।

अक्षरा सिंह ने प्रेग्नेंसी के आरोपों पर दिया था रिएक्शन

वहीं, साल 2024 की शुरुआत और साल 2023 के अंत में अक्षरा सिंह ने काफी हेडलाइन्स बटोरी थी। पिछले साल दिसंबर पर में पवन सिंह की वाइफ ज्योति सिंह ने अक्षरा और पवन सिंह के रिश्ते को लेकर कहा था कि एक्ट्रेस पवन के साथ रिश्ते में रहते हुए 3 महीने की प्रेग्नेंट थीं। हालांकि, बाद में साल 2024 की शुरुआत में अक्षरा ने इस पर अपना रिएक्शन दिया था और कहा था कि उन्हें ये बात सुनकर काफी कष्ट हुआ था। अभिनेत्री ने ज्योति सिंह पर निशाना साधते हुए कहा था कि माना कि उनको न्याय चाहिए था और वो चीजों से जूझ रही थीं परेशान थीं लेकिन, अपने न्याय के लिए किसी लड़की को जलील करना सही नहीं है। अक्षरा ने ये भी कहा था कि उनके पास (ज्योति सिंह) उनकी कोई कॉल रिकॉर्डिंग रही होगी लेकिन, उनकी बात का मिसयूज किया गया था। प्रेग्नेंसी की बात से उन्होंने साफ इनकार कर दिया था।

अक्षरा सिंह ने पवन सिंह पर भी बोला था हमला

इसके साथ ही अक्षरा सिंह ने शुभांकर मिश्रा के इंटरव्यू में पवन सिंह पर भी निशाना साधा था। एक्ट्रेस ने कहा था कि पवन उन्हें डरा धमका कर रखते थे। अक्षरा ने दावा किया था पवन सिंह उन्हें करियर खत्म करने और जान से मार देने की धमकी तक देते थे। इसकी वजह से वो डिप्रेशन में चली गई थीं। उन्होंने ये भी खुलासा किया था कि उनसे कहा जाता था कि बिना बात के माफी मांगे और सबके सामने उनसे पैर छुआया जाता था। एक्ट्रेस की डर की वजह से भोजपुरी पावर स्टार के साथ रही थीं। अक्षरा की मानें तो उन्होंने आरोप लगाया था कि पवन नशे की हालत में उन्हें कमरा बंद करके पीटते थे और रिलेशनशिप में रहते हुए भी उन्होंने किसी और से शादी कर ली थी। भोजपुरी एक्ट्रेस ने ये भी कहा था कि उने कहा जाता था कि रहना हो तो ठीक से रहो वरना उनसे बुरा कोई नहीं।

अक्षरा सिंह के इन आरोपों का जवाब पवन सिंह ने शुभांकर के ही इंटरव्यू में जवाब भी दिया था और इस बात को कबूला था कि उन्होंने ठीक से रहने के लिए कहा था। इस पर उन्होंने सफाई दी थी। हालांकि, बाकी चीजों पर भोजपुरी ट्रेंडिंग स्टार ने बात करने से साफ इनकार कर दिया था।

आपने साल 2024 के अंत की ये खबर तो पढ़ ली। इसके साथ ही आप खेसारी लाल और काजल राघवानी से जुड़ी खबर पढ़ सकते हैं जब एक्ट्रेस ने उन पर शादी को लेकर गंभीर आरोप लगाया था। इसी के साथ ही आप पवन सिंह और अक्षरा सिंह से जुड़ी विवाद की खबर को भी पढ़ सकते हैं।