पिछले दो साल 2021 और 2022 में बॉलीवुड फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल देखने के लिए मिला। किसी भी स्टार का लक काम नहीं आया। बॉलीवुड को दो साल सूखे का सामना करना पड़ा। वहीं, इन दो सालों में साउथ फिल्मों ने ताबड़तोड़ कमाई कर बॉलीवुड को पछाड़ दिया था। लेकिन, 2023 में ऐसा कुछ नहीं हो पाया। इस साल शाहरुख खान और सनी देओल के आगे किसी का भी सिक्का नहीं चल पाया। ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘गदर 2’ जैसी फिल्में साउथ मूवीज पर भारी पड़ीं। 2023 अपने अंतिम पड़ाव में हैं। इस मौके पर आपको साउथ की उन फिल्मों के बारे में बता रहे हैं, जिन्होंने ताबड़तोड़ कमाई की। फिर भी हिंदी सिनेमा से पीछे रहे गए। चलिए लिस्ट पर नजर डालते हैं…

‘वीरा सिम्हा रेड्डी’

बालाकृष्णा नंदमुरी स्टारर फिल्म ‘वीरा सिम्हा रेड्डी’ (Veera Simha Reddy) को 11 जनवरी, 2023 को रिलीज किया गया था। मूवी एक्शन से भरपूर थी। लेकिन, ‘पठान’ के आगे ये दम नहीं दिखा पाई। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 130 करोड़ और इंडिया में 97.64 करोड़ का बिजनेस किया।

‘वाल्टेयर वीरय्या’

चिरंजीवी और रवि तेजा स्टारर फिल्म ‘वाल्टेयर वीरय्या’ (Waltair Veeraya) को जनवरी, 2023 में रिलीज किया गया था। एक्शन से भरपूर इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर टक्कर बालाकृष्णा नंदमुरी स्टारर फिल्म ‘वीरा सिम्हा रेड्डी’ से थी। इसने वर्ल्डवाइड 219 करोड़ की कमाई की थी।

‘वरिसु’

थलापति विजय और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘वरिसु’ इस साल की हिट फिल्मों में से एक रही है। वामसी पैडीपैली के निर्देशन में बनी इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। इसने इंडिया में 210.98 करोड़ और वर्ल्डवाइड 300.98 करोड़ का बिजनेस किया था।

‘वाथी’

धनुष स्टारर ‘वाथी’ (Vaathi) एक सोशल ड्रामा फिल्म है। ये एजुकेशन सिस्टम पर आधारित है। इसमें एक छोटे गांव की जातिवाद की कहानी दिखाई गई है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर वर्ल्डवाइड 118.5 करोड़ का बिजनेस किया था।

2018

मलयालम फिल्म 2018 ने लाखों दर्शकों का दिल जीता। इसमें 2018 में केरल में आई बाढ़ की कहानी को दिखाया गया है। इसे Jude Anthany Joseph ने निर्देशित किया था। मूवी ने इंडिया में 110.53 करोड़ और वर्ल्डवाइड 180.03 करोड़ की कमाई की थी।

‘जेलर’

इसके साथ ही रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर’ भी साउथ की इस साल की हिट फिल्मों में से एक रही है। इसे 10 अगस्त, 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। फिल्म ने दुनियाभर में 650 करोड़ का बिजनेस किया था। वगीं, इंडिया में सभी भाषाओं में मूवी ने 343 करोड़ की कमाई की थी। ये रजनीकांत की ‘2.0’ के बाद दूसरी हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म रही थी।

‘लियो’

थलापति विजय ने इस साल 2023 में दो हिट फिल्में दी। ‘वरिसु’ के बाद एक्टर की फिल्म ‘लियो’ को रिलीज किया गया था, जिसका बजट करीब 250 करोड़ बताया गया। वहीं, फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन काफी धांसू रहा। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 401.25 करोड़ और वर्ल्डवाइड 605.25 करोड़ का बिजनेस किया था।

बॉलीवुड के आगे फीका पड़ा साउथ

बहरहाल, अगर इस साल 2023 के साउथ कलेक्शन की बात की जाए तो ये बॉलीवुड से कम रहा है। बॉलीवुड में शाहरुख खान की दो फिल्में ‘पठान’ और ‘जवान’ ने रिकॉर्ड तोड़ कमाई की। ‘पठान’ की कमाई 1050 करोड़ तो ‘जवान’ की 1150 करोड़ रही। इसके साथ ही सनी देओल की फिल्म ‘गदर 2’ ने इंडिया में 525 करोड़ और वर्ल्डवाइड 625 करोड़ का बिजनेस किया। अब रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ महज 9 ही दिन में भारत में करीब 400 करोड़ कमाई कर चुकी है और दुनिया भर में इसका कुल कलेक्शन 600 करोड़ के पार पहुंच गया है। इस हिसाब से और साउथ के पिछले दो सालों के कलेक्शन को देखा जाए तो इस बार ये बॉलीवुड से कम है।