ऑल्ट न्यूज के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर पर दर्ज छह मामलों में जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने SIT का गठन किया है। जिसे लेकर सोशल मीडिया पर जमकर बहस हो रही है। पत्रकार तवलीन सिंह ने मोहम्मद जुबैर का समर्थन करते हुए ट्वीट किया है। उनका कहना है कि जुबैर के खिलाफ एसआईटी का गठन करना सही नहीं है। जिसे लेकर अब ‘द कश्मीर फाइल्स’ के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने उनपर निशाना साधा है।
दरअसल, तवलीन सिंह ने लिखा ‘यूपी सरकार ने मोहम्मद जुबैर से जुड़े मामलों की जांच के लिए SIT का गठन कर दिया है। क्या अब भी कोई शक है कि उनके साथ ये सब डराने-धमकाने और परेशान करने के लिए किया जा रहा है?’
विवेक अग्निहोत्री ने तवलीन सिंह के इसी ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा,”लेकिन हर कोई इस व्यक्ति के लिए इतना चिंतित क्यों है। न तो वो पत्रकार है और न ही वास्तव में फैक्ट चेकर। महज एक पेशेवर ट्रोल है, जो ट्रोल आर्मी के साथ नफरत फैलाता रहता है। उसके परिवार, पृष्ठभूमि आदि के बारे में किसी को कुछ जानकारी नहीं है। पता नहीं अर्बन नक्सल्स के लिए इतना महत्वपूर्ण क्यों है?”
विवेक के ट्वीट पर तमाम यूजर्स ने प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा,”हो सकता है कि वो भारत में जिहादी नेटवर्क की जानकारी का मुख्य सूत्र हो। इसलिए हर कोई उसके बारे में चिंतित है। उसके पास खुद कोई पहचान प्रमाण नहीं है।” अश नाम के यूजर ने लिखा,”क्योंकि केवल #UrbanNaxals ही जानते हैं कि जो बाकी भारत नहीं जानता। खैर, SIT अंततः उस जानकारी तक पहुंच जाएगी।”
रण चण्डी ने लिखा,”वो खुद बोल रहा है कि वो पत्रकार नहीं है। लुटियंस का क्या स्वार्थ है इसको पत्रकार बनाने में, ये तो अब NIA ही एक्सपोज कर सकता है।” वर्ष ने लिखा,” क्योंकि उन्हें सरकार पर हमला करने के लिए हमेशा एक कारण और एक व्यक्ति की आवश्यकता होती है। आज जुबैर हैं, कल कोई और होगा।”
आपको बता दें कि जुबैर के खिलाफ दो समुदायों के बीच वैमनस्य और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप है। जिसके लिए उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।
उत्तर प्रदेश के सीतापुर, लखीमपुर खीरी, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर में उनके खिलाफ कुल छह मामले दर्ज हैं। मोहम्मद जुबैर की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को जुबैर के खिलाफ SIT गठित की है, जो इस मामले में जांच करेगी।